रामकृष्ण कॉलोनी में चोरी, नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ
पितृमोक्ष अमावस्या के कार्यक्रम में गांव गया था परिवार

किरायेदारों के घरों के ताले भी टूटे, ढाई लाख रुपये का माल चोरी
अमरावती/दि.13 – शहर में बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोरों ने एक बार फिर वारदात को अंजाम दिया है. फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र की रामकृष्ण कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. परिवार पितृमोक्ष अमावस्या के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव गया हुआ था. इसी दौरान चोरी होने का संदेह है. घर लौटने पर दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. इसी मकान में किराये से रहने वाले परिवारों के घरों के ताले भी टूटे मिले.
जानकारी के मुताबिक रामकृष्ण कालोनी निवासी शिकायतकर्ता गणेशराव भडांगे (47) शनिवार 10 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ पितृमोक्ष अमावस्या के कार्यक्रम में शामिल होने गांव गए थे. रविवार 11 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे घर लौटने पर उन्हें दरवाजा खुला दिखाई दिया. अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था. घर की तलाशी लेने पर देवघर के पास रखी मिट्टी की गुल्लक में जमा करीब 30 हजार रुपये और बेडरूम की अलमारी में रखे 20 हजार रुपये गायब मिले. इस तरह शिकायतकर्ता के घर से कुल 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई. घटना के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
* किरायेदारों के घरों के ताले भी टूटे
चोरों ने इसी मकान में किराये से रहने वाले दो परिवारों के घरों को भी निशाना बनाया. उनके घरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले. किरायेदार अनिल कोकाटे से फोन पर संपर्क कर उनके घर की जांच की गई, तो देवघर के नीचे रखे प्लास्टिक के डिब्बे में रखे सोने के आभूषण गायब मिले. चोरी हुए आभूषणों में करीब 15 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र और 5 ग्राम वजन के सोने के कान के आभूषण शामिल हैं. इनकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है.
* दूसरे किरायेदार के घर की जांच बाकी
इसी मकान में रहने वाले दूसरे किरायेदार लक्ष अलीमचंदानी के गांव से लौटने के बाद उनके घर की जांच कर शिकायत दर्ज कराने की बात पुलिस को बताई गई है. रामकृष्ण कॉलोनी में एक ही मकान के अलग-अलग घरों के ताले टूटने और नकदी व सोने के आभूषण चोरी होने से परिसर में चिंता का माहौल है. फ्रेजरपुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है.





