कत्ल के लिए ले जाए जा रहे 19 मवेशी जब्त

एक आरोपी पर मामला दर्ज

* ब्राह्मणवाडा थडी थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.23 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने ब्राह्मणवाड़ा थड़ी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कत्ल के लिए ले जाए जा रहे 19 मवेशियों को जब्त किया है. पुलिस ने मौके से 4 लाख 5 हजार रुपये मूल्य के मवेशी बरामद कर एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी की पहचान अब्दुल शकील अब्दुल कादिर (55), निवासी घाटलाडकी के रूप में हुई है. उसके खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण संशोधन अधिनियम 1976 की धारा 5(ए), 5(बी) और 9(बी) के तहत शुक्रवार 22 मई को मामला दर्ज किया गया.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि परसोडा गांव स्थित आरोपी के खेत में मवेशियों को कत्ल के उद्देश्य से बांधकर रखा गया है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत में छापा मारा. वहां एक पेड़ के नीचे 19 मवेशी बंधे मिले, जिनमें 5 गाय, 5 बछड़े और 9 सफेद मवेशी शामिल थे. पुलिस जांच में सामने आया कि मवेशियों के कानों में लगाए जाने वाले पहचान टैग मौजूद नहीं थे. इसी आधार पर पुलिस ने आशंका जताई कि मवेशियों को अवैध रूप से कत्ल के लिए रखा गया था. सभी मवेशियों की कुल कीमत करीब 4 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है.
पुलिस ने सभी मवेशियों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामलों में शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं. यह कार्रवाई अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस स्टेशन के थानेदार प्रशांत जाधव सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों ने भाग लिया.

Back to top button