नवरात्रि में भी बिजली की आंख-मिचौली

महावितरण के कामकाज पर आप का सवाल

आठ दिनों से बार-बार बिजली गुल, स्थायी समाधान की मांग को लेकर एसडीओ को ज्ञापन
समस्या दूर नहीं हुई तो महावितरण कार्यालय के सामने तीव्र जनआंदोलन की चेतावनी
चांदूर रेल्वे/दि.14 – चांदूर रेलवे शहर में पिछले आठ दिनों से बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से नागरिक परेशान हैं. बिना आंधी, तूफान या बारिश के भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम नागरिकों के साथ व्यापारियों, दुकानदारों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नवरात्रि उत्सव के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने महावितरण के कामकाज पर सवाल उठाए हैं. पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं आप नेता नितिन गवली के नेतृत्व में सोमवार 12 अक्टूबर को उपविभागीय अधिकारी तेजश्री कोरे को ज्ञापन सौंपकर महावितरण प्रशासन को तत्काल आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई.
* व्यापार और पढ़ाई पर पड़ रहा असर
शहर में दिन के साथ-साथ रात के समय भी बार-बार बिजली गुल हो रही है. इससे नागरिकों के दैनिक कामकाज में बाधा आ रही है. त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखना महावितरण प्रशासन की जिम्मेदारी है. इसके बावजूद बार-बार बिजली कटौती होने से नागरिकों में नाराजगी है. बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर व्यापारियों, दुकानदारों, व्यवसायियों और लघु उद्यमियों के कारोबार पर पड़ रहा है. वहीं, घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी रुकावट आ रही है. आप पदाधिकारियों ने बताया कि मई महीने में भी इसी तरह की समस्या सामने आई थी. इसके बावजूद बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बनी हुई है. ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की गई है.
* तकनीकी खामियों की जांच की मांग
ज्ञापन में मांग की गई है कि बिजली की लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों में किसी तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है या नहीं, इसकी गहन जांच की जाए. यदि कोई खामी सामने आती है, तो उसे तत्काल दूर किया जाए. साथ ही, रात-बेरात होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाकर शहर में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. आप ने यह भी मांग की कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी ज्ञापन सौंपने वाले पदाधिकारियों को दी जाए. उपविभागीय अधिकारी तेजश्री कोरे से मामले को गंभीरता से लेते हुए महावितरण के संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देने की अपील की गई.
* आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया और इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो शहर के नागरिकों तथा व्यापारियों को साथ लेकर महावितरण कार्यालय के सामने तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा. इस अवसर पर आप नेता नितिन गवली, मेहमूद हुसेन, मंगेश डाफ, सागर गावंडे, प्रशांत गावंडे, बादर खान, विनोद लहाने, सागर पटले, पायल पांडव, बालू गुडदे सहित अन्य शहरवासी उपस्थित थे.

 

Back to top button