सुरक्षित नारी, सक्षम नारी – समृद्ध समाज का आधार

विदर्भ की महारानी के दरबार में जनजागरूकता

* महिलाओं सहित युवतियों का प्रभावी नुक्कड़ नाटक
अमरावती/दि.14 – श्री अंबानगरी नवदुर्गा उत्सव मंडल, सब्जी बाजार, अंबागेट, अमरावती की ओर से हर साल की तरह इस साल भी ‘विदर्भ की महारानी नवरात्र महोत्सव 2026’ धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उपक्रमों के माध्यम से बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस साल ’सुरक्षित नारी, सक्षम नारी – समृद्ध समाज का आधार’ यह संकल्पना केंद्र में रखकर महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण, स्वाभिमान और समाज में स्त्रीशक्ति के महत्व को रेखांकित करने वाला विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
* नुक्कड़ नाटक में महिलाओं और युवतियों की उत्स्फूर्त भागीदारी
इस सामाजिक जनजागरूकता नुक्कड़ नाटक के सफल आयोजन के लिए लीना महाजन, शुभांगी आसरकर, अमृता संगणे, शीतल ठाकरे, पायल ठाकरे, शिवानी रायपूरकर, तन्वी अन्नदाते, सिद्धी मरोडकर, वंशिका मोकाटकर, पूजा उंबरकर, सारिका मरोडकर, वैदेही अनासाने, नंदिनी गौड, श्रावणी गौड, सृष्टी कालभांडे, परी कांबले और स्वानंदी गौड ने विशेष परिश्रम किए.
इस उपक्रम के तहत परिसर की महिलाओं, युवतियों और युवकों ने उत्स्फूर्त भागीदारी दर्ज करते हुए प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. महिलाओं की सुरक्षा, स्त्री शिक्षा, महिलाओं का सम्मान, आत्मविश्वास, स्त्री-पुरुष समानता और समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया. ‘जिस समाज में नारी सुरक्षित होती है, उस समाज की प्रगति निश्चित होती है; और जिस समाज में नारी सक्षम होती है, वह समाज सही मायने में समृद्ध बनता है,’ यह संदेश इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया.
पुलिस उपायुक्त सोनवणे, मंडल के विशेष मार्गदर्शक नानकरामजी नेभनानी, वरिष्ठ महिला पुलिस निरीक्षक श्रीमती सीमा दातालकर, नगरसेविका श्रीमती ललिता रतावा तथा सुरेश रतावा सहित परिसर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, महिलाएं, युवतियां और युवक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. ‘विदर्भ की महारानी’ यह उत्सव केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक नहीं बल्कि सामाजिक एकता, स्त्रीशक्ति के सम्मान और समाज-प्रबोधन का प्रभावी मंच बन रहा है. आदिशक्ति की आराधना करते हुए ही समाज की प्रत्येक स्त्री के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प करना, यही इस उपक्रम के पीछे का मुख्य उद्देश्य होने की बात मंडल की ओर से कही गई.

Back to top button