धारणी में अवैध रेत से भरा डम्पर पकडा

21.48 लाख का माल जब्त, चालक गिरफ्तार

* हरिसाल मार्ग पर धारणी पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.14 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक डंपर जब्त किया है. पुलिस ने डंपर से रेत के छह बोरे बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है. रेत परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे डंपर की कीमत करीब 21 लाख रुपये है. इस कार्रवाई में कुल 21 लाख 48 हजार रुपये का माल जब्त कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक 14 अक्टूबर को धारणी के थानेदार अवतार सिंह चव्हाण को जानकारी मिली कि, टाटा कंपनी के डंपर से अवैध रूप से रेत ले जाई जा रही है. यह वाहन मांगिया मार्ग से हरिसाल की ओर आने वाला था. सूचना के आधार पर धारणी पुलिस की टीम ने संबंधित मार्ग पर निगरानी शुरू की. सुबह करीब 7 से 7.30 बजे के बीच मांगिया गांव की ओर से हरिसाल की तरफ आ रहे संदिग्ध डंपर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. चालक ने वाहन रोक दिया. पुलिस ने चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम बैतूल जिले के खामला निवासी नामदेव गजानन शनवारे (38) बताया. पुलिस के मुताबिक चालक ने डंपर का मालिक होने की बात भी कही. रेत परिवहन संबंधी अनुमति या लाइसेंस के बारे में पूछे जाने पर वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने डंपर की तलाशी ली, जिसमें रेत के छह बोरे मिले. प्रत्येक बोरे की कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई, जबकि डंपर की कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई गई है.
* 21.48 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने रेत से भरे छह बोरे और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा कंपनी के डंपर क्रमांक चझ 48 नक 1962 को जब्त कर लिया. जब्त माल की कुल कीमत 21 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है. इस मामले में नामदेव गजानन शनवारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं 183, 194(1) और 130/177 के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

Back to top button