फूल हुए सस्ते, फल महंगे
तेज धूप से खराब होने का अंदेशा

रोजाना 300 टन सेब अमरावती के मार्केट में
अमरावती/दि.14 – बाजार में इन दिनों फलों की आवक घटने से कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक उछाल आया है. बाजार में सबसे अधिक सेब व मौसंबी की आवक हो रही है. रोजाना करीब 300 टन सेब बाजार में पहुंच रहे है. जिले में इस साल हिमाचल प्रदेश के सेब की आवक बढ चुकी है. साथ ही न्यूजीलैंड के सेब की आवक भी अधिक है. पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 15 से 20 फीसदी सेब की कीमतों में उछाल आया है. जिले के विविध इलाकों का संतरा बाजार में आने से आवक को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं है. संतरा की तुलना में अहमदनगर की मौसंबी की आवक अधिक होने से इस बार मौसंबी की कीमतें भी कम होती दिखाई दे रही है. लेकिन संतरा अभी भी 60 से 80 रुपए किलो तक बिक रहा है. जिसके कारण अब आने वाले समय में संतरे की कीमतें भी बढने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
इस बार अनार के दाम में भी वृद्धि देखी गई है. जो अनार पहले 200 से 240 रुपए प्रति किलो था, वह अब 240 से 300 रुपए प्रति किलो तक पहुंच चुका है. अमर फ्रूट सेंटर के संचालक राजा भाई ने बताया कि, राज्य में अकाल घोषित हुआ है. ऐसे में इस बार अचानक ही फलों के दाम बढने लगे हैं. फल की आवक भी कम हो चुकी है. अब आलम यह है कि, प्रतिष्ठानों में रखे फल भी अत्यधिक धूप के कारण खराब होने लगे हैं. विदर्भ में विशेषकर अमरावती में अधिकांश फल न्यूजीलैंड से आते हैं. इस कारण वैश्विक उथल-पुथल का इस पर कोई असर नहीं पड रहा है. लेकिन फलों को जिस प्रकार का वातावरण चाहिए, वैसा नहीं मिल रहा है. जिसके कारण अब फल भी खराब होने लगे है. जो फल ठंड के मौसम में पाए जाते हैं, वह फल अब अत्याधिक धूप के चलते जल्द ही मुरझाने से ग्राहक भी इन फलों को खरीदने से हिचकिचा रहे है. इससे दुकानदारों को घाटा हो रहा है.
* यहां से आते हैं फल
अमर फ्रूट सेंटर के संचालक राजा भाई ने बताया कि, शहर में जो फल नजर आ रहे हैं, वे विविध क्षेत्र से आते हैं. जिसमें बाजार में इस मौसम में दिखाई देने वाला सीताफल धामणगांव गढी, चांदूर बाजार, ब्राम्हणवाडा घडी, अनार व अमरुद सोलापुर से, सेब व अमर फल हिमाचल प्रदेश, मौसंबी अहमद नगर से, अचलपुर-वरुड-मोर्शी से संतरा, कर्नाटक से तरबूज, सिलीगुडी से पाइनेपल आते है. लेकिन इम्पोर्टेड सेब, पिअर, कीवी, इम्पोर्टेड अंगूर, आलू बुखार यह न्यूजीलैंड से तथा ड्रैगन फल थाईलैन्ड से आयात किए जाते है.
* नवरात्रि में घटी फलों की आवक
सूखे का असर सर्वत्र दिखाई दे रहा है. ऐसे में इस बार फलों की आयात की मात्रा भी कम कर दी गई है. जिसके कारण फलों की कीमतों पर इसका असर पडा है. अर्थशास्त्र का नियम है आवक घटेगी तो दाम बढेंगे. जिसके चलते बाजार में मिलने वाले विविध फलों की कीमतों पर इसका असर ऐन नवरात्रि में दिखाई देने लगा है. ऐसे में अगर आवक नहीं रहेगी तो बाजार में माल नहीं आएगा. जिसके कारण कीमतों पर असर पडना स्वाभाविक है. नवरात्रि के साथ दिवाली में तो फलों की आवक और भी घटने की संभावना है.
चार्ट
* फलों की मौजूदा कीमतें
फल प्रति किलो
सीताफल 250 से 300 रुपए.
अनार 240 से 300 रुपए.
सेब 300 रुपए.
सेब इंटरनेशनल 400 रुपए.
जाम 160 रुपए.
मोसंबी 70 से 80 रुपए.
संतरा 60 से 80 रुपए.
पिअर 400 रुपए.
तरबूज 50 रुपए प्रति नग.
पायनेपल 80 से 100 रुपए प्रति नग.
कीवी 100 से 200 रुपए.
इम्पोर्टेड अंगूर 600 रुपए.
आलु बुखार 300 रुपए.
ड्रैगन फ्रूट 160 रुपए.
अमर फल 320 रुपए.
सिंगाडे 200 रुपए.





