कुख्यात बाइक चोर गिरफ्तार, 4 चोरी के वाहन जब्त
शहर के अन्य वाहन चोरी का भी पर्दाफाश

फ्रेजरपुरा पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.14 – शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फ्रेजरपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख 10 हजार रुपये कीमत के चार चोरी के दोपहिया वाहन जब्त किए हैं. जांच के दौरान आरोपी ने शहर में अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी करने की बात कबूल की है. फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन की डीबी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर इस मामले का खुलासा किया.
जानकारी के मुताबिक राजेश्री कॉलोनी, दस्तूर नगर निवासी नीरज रविंद्र घोंगड़े (39) निजी नौकरी करते हैं. उन्होंने 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी काले-भूरे रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/एएन-8533 हमेशा की तरह घर के सामने खड़ी की थी. अगले दिन, 27 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल निर्धारित स्थान पर नहीं मिली. आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चला. इसके बाद शिकायतकर्ता ने फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
* सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. साथ ही, गोपनीय जानकारी जुटाकर संदिग्ध की तलाश की गई. जांच के आधार पर पुलिस ने संजय गांधी नगर निवासी कमलेश रमेशराव सर्वटकर (40) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात कबूल की. साथ ही, अमरावती शहर के अन्य क्षेत्रों में भी दोपहिया वाहन चोरी करने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने चोरी के चार वाहन बरामद किए. जब्त किये वाहनों की कीमत 1 लाख 10 हजार रुपए बतायी जाती है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, फ्रेजरपुरा विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर, थानेदार रवींद्र राजुलवार तथा पुलिस निरीक्षक समाधान वाठोरे के मार्गदर्शन में डीबी दल के प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक राहुल महाजन सहित पुलिस हवलदार सुभाष पाटिल, रज्जाक शेकुवाले, सचिन बोरकर, सूरज यादव, जावेद पटेल, प्रशांत वानखड़े, सागर चव्हाण, जयेश पारीवाले, अखिल दलवी, रोशन वर्हाड़े, धर्मा शिंदे तथा चालक उमेश चुलपार के दल ने की.





