ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से भीषण हादसा, महिला मजदूर की मौत
21 मजदूरों और एक बच्चे को लेकर जा रही थी ट्रॉली

मालिक और चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
अमरावती/दि.14 – अमरावती जिले के नांदगांव खंडेश्वर तहसील में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक भीषण हादसा हो गया. इस दुर्घटना में 48 वर्षीय महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 12 महिलाओं, आठ पुरुषों और एक बच्चे सहित कुल 21 लोग सवार थे. मजदूरों को ले जा रहे वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाने के कारण यह दुर्घटना होने की बात सामने आई है. मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना 2 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे धनोरा शिकरा से वाघोड़ा जाने वाले कच्चे मार्ग पर हुई. यह स्थान नांदगांव खंडेश्वर से करीब 18 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है. बताया जाता है कि धानोरा निवासी आरोपी चेतन प्रहलादराव धवने (30) का ट्रैक्टर-ट्रॉली मजदूरों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. गढ़चिरोली जिले के चामोर्शी तहसील के पावीमुडा निवासी ट्रैक्टर चालक सुकरु ऋषि तड़ामी (28) यह कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार मजदूर हादसे का शिकार हो गए. इस दुर्घटना में गढ़चिरोली जिले के गडनगुडा निवासी आशोन कमल खेस (48) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि घोडसूर ललिता दसुरु गोटा (25) तथा पावीमुडा पांच वर्षीय प्रियांशु सुरंजन खेस गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में एक महिला मजदूर की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने से मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. इस मामले में पावीमुडा निवासी उर्मिला सुरंजन खेस (45) की शिकायत पर नांदगांव खंडेश्वर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक चेतन धवने और चालक सुकरु तड़ामी के खिलाफ सदोष मनुष्य वध सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी चालक सुकरु तड़ामी को उसी दिन दोपहर 12.38 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया. सहायक पुलिस निरीक्षक सूरज तेलगोटे के मार्गदर्शन में मामले की आगे जांच की जा रही है.





