अमरावती से इंदौर के लिए फ्लाइट शुरु करने की पहल
तीन विमानन कंपनियों को पत्र

एमएडीसी के उपाध्यक्ष कपूर ने दी जानकारी
अमरावती/दि.14- अमरावती से हवाई संपर्क बढाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है. अमरावती से पुणे के लिए विमान सेवा शुरु करने के प्रस्ताव के बाद अब इंदौर के लिए भी नियमित हवाई सेवा शुरु करने की संभावनाएं तलाशी जा रही है. महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) ने इंडिगो, स्टार एयर और फ्लाई 91 विमानन कंपनियों को पत्र लिखकर अमरावती-इंदौर मार्ग पर व्यावसायिक आधार पर उडान सेवा शुरु करने पर विचार करने का आग्रह किया है. एमएडीसी के उपाध्यक्ष दीपक कपूर ने मंगलवार की शाम ट्वीट कर यह जानकारी दी कि, अमरावती से पुणे के लिए विमान सेवा शुरु करने के संबंध में तीनों निजी विमानन कंपनियों को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है. अब इसी क्रम में अमरावती से इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरु करने का प्रस्ताव उनके सामने रखा गया है. कंपनियों से इस मार्ग की व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन कर उडान संचालन पर विचार करने का अनुरोध किया गया है.
* एमएडीसी देगा पूरा सहयोग
दीपक कपूर ने स्पष्ट किया कि, अमरावती से नई हवाई सेवाएं शुरु करने के लिए एमएडीसी की ओर से विमानन कंपनियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि, अमरावती से अधिक शहरों के लिए हवाई संपर्क स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे. हालांकि, फिलहाल इंदौर मार्ग पर उडान शुरु करने को लेकर कंपनियों की सहमति, संचालन की योजना और संभावित समय-सारणी सामने नहीं आई है.
* आज फिर मुंबई उडान रद्द, महीने में तीसरी फ्लाइट
एलायंस एयर ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए बुधवार 14 अक्तूबर की मुंबई-अमरावती उडान रद्द करने की सूचना दी है. इस महीने तीसरी बार उडान ऐन वक्त पर रद्द की गई है. इससे पहले 9 और 11 अक्तूबर को भी उडान रद्द कर यात्रियों को रिफंड की सूचना दी गई है. बार-बार उडान रद्द होने से यात्रियों का भरोसा डगमगाने लगा है. महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) के उपाध्यक्ष दीपक कपूर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एलायंस एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लिखित शिकायत भेजी है. उन्होंने अमरावती के यात्रियों से 14 अक्तूबर की उडान रद्द होने की सूचना का संज्ञान लेने की अपील की है.





