20 से 22 लोग टेम्पो से आये, वॉचमैन को बांधा और 11 लाख लूटे
लोणावला में फिल्मी स्टाइल डकैती से हडकंप

लोणावला/दि.28 – लोणावला शहर की भरी बस्ती के एक बंगले पर 20 से 22 डकैतों ने डाका डाला. लोणावला शहर पुलिस स्टेशन कुछ ही दूरी पर है. इसके बावजूद पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं मिली. डॉ. हीरालाल खंडेलवाल के ओम बंगले पर 27 मई की मध्यरात्रि को 3 बजे के दौरान 20 से 22 डकैतों ने डाका डाला. इस डकैती में साढे 11 लाख रुपए की लूटपाट कर डकैत फरार हो गये. यह सभी डकैत एक टेम्पो में तैयारी से पहुंचे थे. लेकिन भागते समय टेम्पो बंगले पर छोडकर चले गये. इस टेम्पो में कुख्यात डकैतों के चप्पल, कपडे और शराब की बोतल पडी दिखाई दी. डकैतों ने पहले वॉचमैन को बांधा और घर में घुसे. पश्चात तलवार लहराते हुए फिल्मी स्टाइल में लूटपाट की.
इस बंगले पर सीसीटीवी लगे रहने के बावजूद डकैतों ने मुख्य लोहे के गेट की ग्रील तोडी और 5 से 6 दरवाजे तोडकर घर में प्रवेश किया. पश्चात वॉचमैन और उसकी पत्नी को रस्सी से बांध दिया. डॉ. हीरालाल खंडेलवाल दम्पति को तलवार का डर दिखाकर घर में लूटपाट की. डॉ. खंडेलवाल के घर पर गिरा यह चौथा डाका है. इस कारण लोणावला के नागरिक और चिक्की व्यवसायियों में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है. इस डकैती की जानकारी लोणावला पुलिस को मिलते ही पुलिस का दल डॉ. हीरालाल खंडेलवाल के बंगले पर पहुंचा. पुलिस आने की भनक लगते ही डकैत वहां से भाग गये. पुलिस ने डकैतों का फिल्मी स्टाइम में पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल हो गये.
* घटनाक्रम एक सीसीटीवी कैमरे में कैद
घटनास्थल से डकैत भागते समय पुलिस ने उनका पीछा कर पकडने का प्रयास किया. यह घटनाक्रम एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. लेकिन डकैती की इस घटना से स्थानीय भाजपा आक्रामक हो गई है. डकैतों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने अन्यथा लोणावला बंद करने की चेतावनी श्रीधर पुजारी ने दी है. वहीं दूसरी तरफ पुलिस के चार दल डकैतों की तलाश में रवाना किये जाने की जानकारी लोणावला शहर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुभाष जगताप ने दी है. इस घटना के कारण परिसर में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है.
* दम्पति को तलवार दिखाकर लूटा
पुणे जिले में लोणावला परिसर के प्रधान पार्क इलाके मेें डॉ. हीरालाल खंडेलवाल और उनकी पत्नी विजया खंडेलवाल रहते है. मुख्य लोहे की ग्रील तोडकर 5 से 6 दरवाजे तोडकर भीतर प्रवेश किया और वॉचमैन तथा उसकी पत्नी को डकैतों ने रस्सी से बांध लिया. पश्चात डॉ. खंडेलवाल दम्पति को तलवार का भय दिखाकर घर में लूटपाट की गई. उसी समय पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर आरोपियों को पकडने का प्रयास किया. पुलिस और डकैतों के बीच भागदौड का नजारा एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है.





