खापर्डे बगीचा में घर के पास खडी कार से 20 लीटर पेट्रोल चुराया

संपादक उल्हास मराठे की कार को बनाया निशाना, कार की तोडफोड भी की

* दो दुपहिया वाहनों पर आए चार अज्ञात युवकों की करतूत, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
* तडके 2.40 बजे की घटना, फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस खोज रही आरोपियों को
* घटना के चलते परिसरवासियों में डर व हडकंप, पुलिस की नाईट पेेट्रोलिंग पर उठ रहे सवाल
अमरावती/दि.3 – शहर के बिचोबिच स्थित तथा रिहायशी व व्यवसायिक क्षेत्र माने जाने वाले खापर्डे बगीचा परिसर में आज तडके 2.40 बजे दो दुपहिया वाहनों पर सवार होकर आए चार युवकों ने शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक हिंदुस्थान के संपादक उल्हास मराठे के घर के सामने खडी उनकी क्रेटा कार की इंधन टंकी से करीब 20 लीटर पेट्रोल चुरा लिया. साथ ही कार के अगले व पिछले हिस्से में लगी हेडलाईट व टेललाईट के साथ तोडफोड भी की. यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. जिसके फुटेज के आधार पर अब सीटी कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की जांच पडताल की जा रही है. वहीं इस घटना के चलते पूरे परिसर में अच्छे खासे डर व हडकंप का माहौल है तथा परिसरवासियों द्वारा परिसर में पुलिस की नाईट पेट्रोलिंग को लेकर सवाल उपस्थित किए जा रहे है.
बता दे कि, खापर्डे बगीचा परिसर की तिसरी गली में वरिष्ठ पत्रकार उल्हास मराठे का निवासस्थान स्थित है. जिनके घर के सामने हमेशा ही उनकी क्रेटा कार क्रमांक एमएच-20/डीई-9467 खडी रहती है. गुरुवार की रात भी यह कार हमेशा की तरह मराठे के निवासस्थान की वॉलकम्पाऊंड से सटकर सडक किनारे खडी थी और परिसर में रहनेवाले सभी लोग तडके 2.40 बजे के आसपास गहरी नींद में थे. तभी चार अज्ञात युवक दो दुपहिया वाहनों पर सवार होकर इस परिसर में पहुंचे. जिसमें से दो युवकों ने सबसे पहले पूरी गली की रेकी की और पूरा परिसर सुनसान रहने की तसल्ली हो जाने के बाद मराठे की के्रटा कार से करीब 20 लीटर पेट्रोल बडे इत्मिनान के साथ चुराया. इसके लिए उक्त चारों युवक अपने दुपहिया वाहनों पर अपने साथ पहले से पेट्रोल भरने हेतु खाली टंकियां लेकर आए थे. जिनमें लगभग 20 लीटर पेट्रोल भरने के बाद चारों युवक बडे आराम के साथ इस परिसर से निकल गए. यह पूरी वारदात पास ही स्थित दैनिक अमरावती मंडल के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया. जिसके फुटेज मामले की जांच हेतु कोतवाली पुलिस को उपलब्ध कराये गए है. जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस उन चारों अज्ञात युवकों की सरगर्मी के साथ तलाश कर रही है.                    * पहले भी हो चुकी है लुटपाट व राहजनी की घटनाएं
यहां यह विशेष उल्लेखनिय है कि, रेलवे उडानपुल के बंद होने के बाद से इर्विन चौक की ओर आने-जानेवाली दोनों ओर की सडकों पर यातायात अच्छा खासा बढ गया है. साथ ही मर्च्युरी से आगे टी पॉईंट रहने के चलते वहां से राँग साईड होकर इर्विन चौक की ओर जाने की बजाए लोगबाग मर्च्युरी से पहले गजानन महाराज मंदिर से आदर्श प्रायमरी स्कूल की ओर जानेवाले रास्ते का प्रयोग करते है. इसी तरह उस्मानिया मस्जिद से खापर्डे बगीचा होकर इर्विन चौक की ओर जानेवाली सडक पर भी इन दिनों अच्छी खासी भीडभाड रहती है. इसके अलावा इन दिनों अमरावती रेलवे स्टेशन पर भी रेलगाडियों की अच्छीखासी आवाजाही होने लगी है तथा शाम 6 बजे से सुबह 7 बजे के दौरान अमरावती रेलवे स्टेशन पर अमरावती-मुंबई, अमरावती-पुणे, अजनी-अमरावती-पुणे, सूरत-अमरावती तथा अमरावती-तिरूपती सहीत अमरावती-बडनेरा शटल ट्रेन जैसी रोजाना लगभग 6 से 7 रेलगाडियों का आना-जाना लगा रहता है. जिसमें से कई रेलगाडियों से आने-जानेवाले लोग बसस्टैंड अथवा इर्विन चौक की ओर आना-जाना करने के लिए खापर्डे बगीचा से होकर गुजरनेवाले रास्तों का प्रयोग करते है. चूंकि खापर्डे बगीचा परिसर में रात के समय अमुमन सन्नाटा रहता है. जिसके चलते इस बात का फायदा उठाते हुए अब तक ऐसे लोगों के साथ कई बार मोबाईल छिनने सहित लुटपाट व राहजनी की वारदातें घटित हो चुकी है. जिसके मद्देनजर रात के समय खापर्डे बगीचा परिसर में पुलिस की पेट्रोलिंग रहने की सक्त जरूरत इससे पहले कई बार जताई जा चुकी है.                         * परिसर में तीन बडे अखबारों के कार्यालय व जिला सामान्य अस्पताल सहित कई निजी अस्पताल
यहां यह भी विशेष उल्लेखनिय है कि, खापर्डे बगीचा परिसर में दैनिक अमरावती मंडल, दैनिक आपली मातृभूमि व दैनिक हिंदुस्थान जैसे शहर सहित जिले के तीन प्रमुख व बडे अखबारों के कार्यालय स्थित है. इसके अलावा इसी परिसर में जिला सामान्य अस्पताल व जिला शल्य चिकित्सक कार्यालय सहीत करीब 5 से 6 निजी व नामांकित अस्पताल भी स्थित है. जिसके चलते इस परिसर के मुख्य मार्ग से होकर लगभग 24 घंटे लोगों की आवाजाही लगी रहती है. वहीं खापर्डे बगीचा के अंदरूनी रिहायशी इलाकों में रात के समय पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहता है. इस बात का फायदा भी चोर उचक्कों द्वारा उठाए जाने की हमेशा ही पूरी संभावना बनी रहती है. इसे देखते हुए इस परिसर में रात के वक्त पुलिस की गश्त बढाए जाने की सख्त जरूरत है. ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को टालने के साथ-साथ किसी बडी घटना को भी होने से रोका जा सके.

Back to top button