रायपुर के शदाणी दरबार में पूज्य माता साहिब हासी देवी का 200वां जन्मोत्सव

अमरावती से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु

अमरावती /दि.25- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित भारतीय सनातन संस्कृति के प्रमुख तीर्थ पूज्य शदाणी दरबार में पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के सान्निध्य में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी का 200वां जन्मोत्सव (द्वि-शताब्दी समारोह) श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र के अमरावती से सिंधी समाज के सैकड़ों श्रद्धालु विशेष रूप से रायपुर पहुंचे.
15 से 22 जुलाई तक गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. समारोह का शुभारंभ 15 जुलाई को श्री देवी भागवत कथा से हुआ, जिसमें कथा व्यास जगद्गुरु स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का संदेश दिया. महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की स्वर्ण एवं रजत प्रतिमा का अनावरण रहा. प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. इसी दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई तथा श्रद्धालुओं को भजनों की सीडी और स्मृति-चिह्न के रूप में विशेष लॉकेट वितरित किए गए. 19 जुलाई को समाज में सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए आदर्श सामूहिक शुभ विवाह समारोह आयोजित किया गया. इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया. 20 जुलाई को शदाणी दरबार के बालकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रासलीला का मंचन कर श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया. 21 जुलाई को श्री देवी भागवत महापुराण कथा यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया. वहीं गुप्त नवरात्रि के दौरान 15 से 22 जुलाई तक हिंद-सिंध के सभी 14 प्रमुख शदाणी दरबारों में दिव्य ज्योति प्रज्ज्वलित कर विश्व कल्याण की कामना की गई.
अमरावती से पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को अपने जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के सान्निध्य में आयोजित इस द्वि-शताब्दी महोत्सव ने देश और विदेश के सिंधी समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया है. श्रद्धालुओं ने अमरावती लौटकर इस यात्रा को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताते हुए शदाणी दरबार के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की.

Back to top button