बडनेरा सिंधी समाज के 26 लाभार्थियों को मिला पीआर कार्ड
सामाजिक कार्यकर्ता टेकचंद केसवानी के प्रयासों से अभय योजना के तहत मिला मालिकाना हक

अमरावती /दि.7- बडनेरा सिंधी कैंप स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में रविवार रात भगवान झूलेलाल की आरती एवं पूजा के बाद सिंधी समाज के 26 लाभार्थियों को उनकी भूमि के मालिकाना हक से संबंधित पीआर कार्ड वितरित किए गए. कार्यक्रम में भाजपा बडनेरा मंडल के उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता टेकचंद केसवानी के प्रयासों की सराहना की गई, जिन्होंने विशेष अभय योजना-2025 के तहत समाज के लोगों को पीआर कार्ड दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
महाराष्ट्र सरकार द्वारा भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय विस्थापित हुए सिंधी समाज के लोगों को फ्री-होल्ड पीआर कार्ड देकर भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने के उद्देश्य से अभय योजना लागू की गई है. इसी योजना के अंतर्गत 26 लाभार्थियों को सद्गुरु स्वामी शांति प्रकाश आश्रम के महंत बाबा राम प्रकाश के सानिध्य तथा पूज्य सिंधी पंचायत के पदाधिकारियों के हस्ते पीआर कार्ड प्रदान किए गए. इस अवसर पर अभय योजना समिति के सदस्य सुरेश हेमनानी, शैलेंद्र मेघवानी, अमरलाल गेही एवं दीपक दादलानी सहित समाज के लोगों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा अमरावती के पालकमंत्री एवं महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के प्रति आभार व्यक्त किया.
पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष चंदुमल बिल्दानी ने कहा कि पिछले 75 वर्षों से लंबित यह मांग वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूरी हुई है. उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद से अधिकारों से वंचित रहे सिंधी समाज को अब न्याय मिला है और नई पीढ़ी को पीआर कार्ड प्राप्त होने से समाज में खुशी का माहौल है. टेकचंद केसवानी ने अपने संबोधन में बताया कि उपजिलाधिकारी जाधव, महसूल अधिकारी कुकड़े तथा भूमि अभिलेख नजूल सर्वेयर एम.एन. गायकवाड़ के सहयोग से यह कार्य संभव हो सका. उन्होंने पीआर कार्ड प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया एवं अपने अनुभव भी समाज के लोगों के साथ साझा किए. कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष चंदुमल बिल्दानी, नारायणदास हेमनानी, जियलदास हेमनानी, रमेशलाल सिरवानी, अशोक वरलानी, धरमदास अंदानी, मुन्ना मोटवानी, दयाराम ग्वालानी, राजेश दुल्हानी, महेंद्र सचदेव, हरीश बजाज, श्रीचंद बिल्दानी, टीकमदास वरलानी, पत्रकार बलराम उत्तमानी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे.