शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए 81 मतदान केंद्रों को मंजूरी
अमरावती जिले में सर्वाधिक 25 केंद्र

* 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
अमरावती/दि.10 – महाराष्ट्र विधान परिषद के अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव-2026 के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने पांच जिलों में कुल 81 मतदान केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अमरावती, अकोला, यवतमाल, वाशिम और बुलढाणा जिलों में ये मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. यह जानकारी चुनाव निर्णय अधिकारी तथा विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने दी.
* पांच जिलों में मतदान केंद्रों का निर्धारण
विभागीय आयुक्त नयना गुंडे के मुताबिक अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए 81 मतदान केंद्रों का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया था. आयोग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है. इस संबंध में महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत मंत्रालय, मुंबई के उप सचिव एवं सह मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पत्र के माध्यम से विभागीय आयुक्त को जानकारी दी.
* 23 अक्टूबर को होगा मतदान
अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा. चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निर्धारित मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी.
* अमरावती विभाग में स्वीकृत मतदान केंद्रों का विवरण
– अमरावती 25 मतदान केंद्र
– अकोला 13 मतदान केंद्र
– बुलढाणा 18 मतदान केंद्र
– वाशिम 7 मतदान केंद्र
– यवतमाल 18 मतदान केंद्र
– कुल 81 मतदान केंद्र





