होटल रिमझिम में सिलेंडर लिकेज होने पर लगी भीषण आग
लाखों रुपए का नुकसान, कोई जीवित हानि नहीं

* दमकल कर्मियों ने साहस कर सभी सिलेंडर होटल के बाहर निकाले
* पुराना बायपास बडनेरा रोड की घटना
अमरावती/दि.10 – बडनेरा थाना क्षेत्र में आने वाले पुराना बायपास रोड होटल रिमझिम में शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात 11 बजे के दौरान किचन का गैस सिलेंडर लिकेज होने से लगी आग के कारण हडकंप मच गया. आग लगने के समय होटल में ग्राहकों की भीड थी. थोडी ही देर में इस आग ने भीषण रुप धारण कर लिया. लेकिन भाग्यवश कोई जीवित हानि नहीं हुई. दमकल कर्मियों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल घटनास्थल पहुंचकर अपनी जान की परवाह किये बगैर किचन में रखे सिलेंडर बाहर निकाल लिये और आग को काबू में कर लिया. इस आग से लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा के पुराना बायपास रोड पर होटल रिमझिम है. शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात 11 बजे के दौरान होटल में ग्राहकों की भीड थी. सभी वेटर ग्राहकों को खाना देने में लगे हुए थे. ऐसे में किचन में गैस सिलेंडर लिकेज होने से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने भीषण रुप धारण कर लिया. इस कारण होटल के वेटर और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी तत्काल बडनेरा के दमकल कर्मियों को दी गई. जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. होटल के किचन में 4 से 5 सिलेंडर रहने की जानकारी मिलने के बाद दमकल कर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए किचन में रखे सिलेंडर और जिस सिलेंडर के लिकेज होने से यह आग लगी थी, उसका रेग्युलेटर तोडकर सिलेंडर बाहर निकाल लिया. इस कारण बडी अनहोनी टल गई. इस घटना में कोई जीवितहानि नहीं हुई. दमकल कर्मियों ने अथक प्रयास कर आग को काबू में कर लिया. इस आग से लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है. घटनास्थल पर बडनेरा पुलिस का दल भी पहुंच गया था. आग को काबू में किये जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली.





