5 दिनों बाद खुले दफ्तर, उपस्थिति आधी
कल और परसों पुन: अवकाश

* हे भगवान अगले जन्म में सरकारी नौकरी…. ! अमरावती/ दि. 24- सरकारी काम और 8 दिन थाम की उक्ती प्रचलित है. जिसका अहसास सरकारी दफ्तरों में पग रखते ही हो जाता है. ऐसे में दिवाली के पांच दिनों की छुट्टी बाद आज कार्यालय खुले तो भी आधे अधिकारी- कर्मचारी नदारद रहने का नजारा अमूमन सभी कार्यालयों में देखने मिला. जिलाधीश कार्यालय के अधिकारियेां ने कबूल किया कि आज आधे ही लोग आए हैं. कल और परसों शनिवार, रविवार की छुट्टी है.
गत शनिवार 18 अक्तूबर से सरकारी दफ्तरों में छुट्टी थी. उस दिन धनतेरस का त्यौहार था. जिसे खरीदारी का अबूझ मुहूर्त माना जाता है. इसके बाद रविवार और फिर सोमवार से तीन दिन सतत छुट्टी रही. जिलाधीश ने स्थानीय स्तर पर गुरूवार को भाईदूज की छुट्टी घोषित कर दी. ऐसे में आज शुक्रवार को कार्यालय शुरू रहने के बावजूद अपेक्षा के अनुसार आधे के करीब कर्मचारी अवकाश पर रहे.
अब सोमवार से ही प्रशासकीय कामकाज रफ्तार पकडेगा, ऐसा माना जा रहा है. अगले सप्ताह मुख्यमंत्री का भी अमरावती दौरा है. उधर बताया जा रहा कि पालिका अथवा झेडपी चुनावों की तारीखों की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता क्रियान्वित हो जायेगी. आचार संहिता में भी प्रशासकीय कामकाज मोटे तौर पर पंगु रहता है. क्योंकि अफसरान और कर्मियों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया जाता है.





