दो ने पकडा और दो ने किए चाकू से सपासप वार

नांदगांव पेठ में भरी दोपहर 3 बजे भीषण हत्या

* चार युवकों ने बोर नदी प्रकल्प पर बुलाया था मंथन को
अमरावती/ दि. 19- शहर और परिसर में हत्या का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है. एक के बाद एक कत्ल की भीषण वारदातें उजागर हो रही है. फलस्वरूप ऐन महापालिका चुनाव के मुहाने पर कानून और व्यवस्था सवालों के कठघरे में आ रही है. ताजा वारदात नांदगांव पेठ के बोर नदी प्रकल्प के प्रवेशद्बार की है. जहां मात्र 24 साल के अमरावती निवासी नौजवान को दिन दहाडे चाकू से सपासप वार कर यमलोक पहुंचा दिया गया. घटना से नांदगांव में खलबली मची है. उधर पुलिस हमलावर आरोपियों और उनके साथियों की तलाश में जुटी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरावती निवासी मंथन पालानकर को चार युवकों ने उपरोक्त घटनास्थल पर बुलाया. दोपहर 3. 30 बजे के दौरान मंथन के वहां बोर नदी प्रकल्प प्रवेशद्बार के पास टूव्हीलर से पहुंचने के बाद चार युवकों ने घेर लिया. बताया जाता है कि दो नौजवानों ने 24 साल के मंथन को पकडा और दो अन्य ने चाकू से पेट में सपासप वार किए और मौके से भाग गये.
भारी रक्तस्त्राव और घाव गहरे होने से मंथन की मौके पर ही जान चले जाने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. पुलिस को घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची. पंचनामा और घटनास्थल का ब्यौरा इन पंक्तियों के लिखे जाने तक पुलिस एकत्र कर रही थी.
मंथन के मर्डर की वजह तत्काल पता नहीं चल पायी है. पुलिस उसके मोबाइल हैंडसेट का सीडीआर लेकर सुराग की कोशिश कर रही है. हाल ही में मंथन का किससे झगडा हुआ था, इसकी भी छानबीन पुलिस द्बारा की जा रही है. इसी सप्ताह भाजी बाजार में प्रॉपर्टी ब्रोकर पवन वानखडे का भीषण कत्ल हो गया था. हालांकि पुलिस ने तत्परता से आरोपियों को भुसावल जाकर दबोच लाया. किंतु आज के दिन दहाडे एक और मर्डर की घटना से सभी सहम उठे हैं.

Back to top button