मनपा में लगातार अधिकारी-कर्मचारी के तबादलों का दौर जारी
नगर सचिव विभाग सहित अन्य पदाधिकारियों के स्वीय सहायक तय

अमरावती /दि.10 – मनपा में लगातार अधिकारी-कर्मचारियों के तबादलों का दौर जारी है, ऐसे में हाल ही में 20 से अधिक कर्मचारियों के तबादले बिते शनिवार को किए जाने के बाद फिर से सोमवार को 6 कर्मचारियों के तबादले आनन-फानन में मनपा के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा कर दिए गए है. मनपा में चर्चा है कि, महापौर व उपमहापौर सहित मनपा के नवनिर्वाचित पार्षदों का कामकाज शुरु होने से पहले ही प्रशासन की ओर से आनन-फानन में यह तबादले क्यों किए जा रहे है.
सोमवार को जारी किए गए तबादलों में अतिरिक्त आयुक्त के स्वीय सहायक दिनेश देशमुख का फिर से महापौर के स्वीय सहायक पद पर तबादला करने से चर्चा का विषय बनता नजर आ रहा है, वहीं नीलेश बाविस्कर, ज्योति अनासाने और सविता पाटिल का भी तबादला किया गया है और भी कुछ कर्मचारियों का तबादला नगर सचिव विभाग में कर दिया गया है. परंतु मनपा में जारी चर्चाओं के मुताबिक दिनेश देशमुख इसके पहले भी कई वर्ष तक महापौर के स्वीय सहायक रह चुके है और वर्तमान में अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक के स्वीय सहायक है. इसके बावजूद देशमुख को ही फिर से महापौर का पीए बनाया गया है.
दिनेश देशमुख को महापौर का स्वीय सहायक बनाने को लेकर तरह-तरह की चर्चा की जा रही है. बताया जाता है कि, बडे पैमाने पर आर्थिक लेन-देन के चलते देशमुख का फिर से उसी जगह पर तबादला किया गया है. जिसको लेकर नवनिर्वाचित पार्षदों ने कडी आपत्ति जताते हुए महापौर तथा मनपा आयुक्त से शिकायत की है. वहीं जब तक महापौर और उपमहापौर व नवनिर्वाचित पार्षदों का कामकाज नियमित रुप से शुरु नहीं किया जाता, तब तक किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का तबादला न करने की विनती की गई है. वहीं जिन 6 कर्मचारियों के तबादले सोमवार को किए गए है, वह तुरंत रद्द करने की भी मांग की गई है.





