50 लाख रुपए दें, वर्ना नौकरी छोड

खोलापुरी गेट पुलिस ने 4 लोगों पर किया मामला दर्ज

अमरावती /दि.12 – एक तरफ हम महिला-शिक्षा को लेकर जागरुकता कर रहे है. वहीं दूसरी तरफ सुशिक्षित परिवार ही दहेज के लिए महिलाओं की प्रताडना करते दिखाई देते है. 50 लाख रुपए दें अन्यथा नौकरी छोड देने की धमकी देकर एक शिक्षिका रही विवाहिता पर अत्याचार किए जाने के प्रकरण में खोलापुरी गेट पुलिस ने 10 फरवरी की रात पीडिता के ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
शिकायत के मुताबिक पीडित महिला यह अमरावती के न्यू शिक्षक कॉलोनी की रहनेवाली है. वह पेशे से शिक्षिका है. शादी के समय ससुराल वालों की मांग के मुताबिक 5 तोला सोने की अंगूठी, 20 ग्राम की सोने की चैन और 10 लाख रुपए नकद दिए गए थे. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ससुराल के सदस्यों ने अपना रंग दिखाना शुरु कर दिया. पीडिता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने उसे मायके से 50 लाख रुपए लाने की मांग को लेकर प्रताडित करना शुरु कर दिया. उसे बार-बार अपमानित कर नौकरी छोड देने का दबाव डाला जा रहा था. 4 साल का बेटा और 2 साल की बेटी रहते हुए आरोपियों ने महिला पर काफी अत्याचार किए. इस कारण वह मायके आ गई और महिला सेल में गुहार लगाई. आखिरकार इन अत्याचारों से त्रस्त होकर पीडिता ने खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुमीत, दिलीप और अन्य दो महिलाओं के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. चारों आरोपी नागपुर के हुडकेश्वर के रहनेवाले है.

Back to top button