अवैध वरली मटका व्यवसाय पर छापा, पांच गिरफ्तार
अपराध शाखा की कार्रवाई

अमरावती /दि.12 – शहर में अवैध रुप से चल रहे वरली मटका व्यवसाय पर अपराध शाखा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके पास से वरली मटका साहित्य एवं नगद राशि सहित कुल 23 हजार रुपए का माल जब्त किया. यह कार्रवाई गाडगे नगर और फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत की गई.
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के लुंबिनी नगर में जुआ खेलते हुए आरोपी विनोद गुडधे (40, तपोवन) को पुलिस ने हिरासत में लिया. उसके पास से नगद रकम सहित 19 हजार रुपए का माल जब्त किया. इस मामले में गाडगे नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया है. वहीं दूसरी कार्रवाई नवसारी महात्मा फुले नगर क्षेत्र में की गई. जहां आरोपी कैलाश भाउराव कोकणे (48, नवसारी महात्मा फुले नगर) को गिरफ्तार कर उसके पास से जुए का साहित्य और नगद रकम सहित 1 हजार 740 रुपए का माल जब्त किया गया.
एक अन्य कार्रवाई शुक्रवार बाजार के पास खुले मैदान में की गई. यहां जुआ खेलते हुए आरोपी शेख सलीम शेख करीम (36, राहुल नगर), संतोष रामदास भिमले (27, फ्रेजरपुरा) को गिरफ्तार किया गया. तीसरा आरोपी रियान खान हयात खान (चपराशीपुरा) फरार बताया गया. आरोपियों के पास से ढाई हजार रुपए का माल जब्त किया गया. इस मामले में फ्रेजरपुरा थाने में अपराध दर्ज किया गया. यह कार्रवाई शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में की गई इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस द्वारा आगे भी शहर में अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाये जाने की जानकारी दी गई है.





