परसों महा मुकाबला, अमरावती रोमांचित
क्रिकेट प्रेमियों ने की तैयारी, रेस्त्रा व होटल्स भी रेडी

* टी- 20 विश्वकप में भिडेंगे भारत- पाक
* वन डे वर्ल्ड कप में भी हुआ था शिवरात्रि के दिन मैच
अमरावती/ दि. 13- भारत और श्रीलंका की मेजबानी में चल रहे टी- 20 विश्वकप स्पर्धा में परसों रविवार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के दिन महा मुकाबला अर्थात भारत और पाकिस्तान का मैच होने जा रहा है. जिसे लेकर देश विदेश की तरह अमरावती के क्रिकेट प्रेमियों में भी रोमांच देखा जा रहा है. अमरावती मंडल ने खेल प्रेमियों से चर्चा की तो प्रोफेशनल्स से लेकर आम युवा तक सभी रविवार शाम 7 बजे की बेला का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. सभी ने मुकाबलाा साथ बैठकर देखने, उसका आनंद लेने की तैयारी कर रखी है. शहर के सभी प्रमुख रेस्टॉरेंट ने भी भारत पाक मैच को देखते हुए खास ऑफर्स और इंतजाम किए हैं.
क्यों बढा रोमांच
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के दिनों में हाई वोल्टेज मैचेस नहीं होने के कारण खेल प्रेमियों की दिलचस्पी कम होती जा रही थी. क्यों कि मुकाबले वन साइडेड भारत के फेवर में हो रहे थे. बंगलादेश में हुई हिंसा में अल्पसंख्यक हिन्दुओं को मारे जाने के कारण आयपीएल से पडोसी देश के खिलाडियों को निकाल बाहर किया गया. जिसके बाद क्रिकेट जगत में हो हल्ला मचा. पाकिस्तान ने भी भारत के साथ मैच खेलने से मना कर दिया था. किंतु आर्थिक नुकसान के नोटिस बाद पाकिस्तान पटरी पर आया. उसने मैच खेलने की घोषणा कर दी. इन सभी बातों के कारण परसों रविवार का मुकाबला रोचक होने की संभावना खेल प्रेमी देख रहे हैं. इसीलिए उनकी मैच में दिलचस्पी बनी है.
डाइ हार्ड फैन्स ने की योजना
क्रिकेट डाइ हार्ड प्रशंसकों ने न केवल मैच की शाम का नियोजन कर लिया है. देश- विदेश की कंपनियों में जॉब करनेवाले युवाओं ने छुट्टी ले रखी है. अमरावती से कुछ फैन्स तो कोलंबो तक जा रहे हैं. ऐसे में परसों जोरदार धूमधडाका करने की तैयारी फैन्स की हैं.
महाशिवरात्रि का दिन
करीब डेढ दशक पहले दक्षिण अफ्रीका के जोहनीसबर्ग शहर में हुए वर्ल्ड कप का मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों को स्मरण हो आया है. जिसमें 1 मार्च महाशिवरात्रि के दिन भारत ने सचिन तेंदुलकर की आतिशी पारी के बल पर पाकिस्तान को धूल चटाई थी. सचिन इस मुकाबले में शतक बनाने से चूक गये थे. किंतु उन्होंने पाक के स्टार गेंदबाज शोएब अख्तर, वकार युनूस, वसीम अक्रम की धुनाई की थी. वह समस्त भारतीयों और खेल प्रेमियों को कल की घटना की तरह याद है. भारतीयों को सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में शानदार खेल दिखा रही अपनी टीम से भी आशाएं हैं. बल्कि एक बार फिर अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा द्बारा जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद है. पिछली बार गत सितंबर माह में एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान में तीनों मुकाबलों मे ंपटखनी दी थी. जिससे टी- 20 के इस विश्वकप मुकाबले में भी भारत का पलडा अमरावती के क्रिकेट प्रेमी भारी मान रहे हैं.





