पिता ने दी किडनी, बेटे को मिला नया जीवन

सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में सफल हुआ किडनी प्रत्यारोपण ऑपरेशन

अमरावती/दि.13 – स्थानीय सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल अमरावती में एक भावुक और प्रेरणादायी घटना सामने आई है, जहां पिता ने अपनी किडनी दान कर बेटे की जान बचाई. अस्पताल में यह 67 वां सफल किडनी प्रत्यारोपण ऑपरेशन रहा, जिसे डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया.
जानकारी के अनुसार, कसबेगव्हाण, तहसील अंजनगांव सुर्जी निवासी 24 वर्षीय प्रतीक गणेश घुरडे पिछले एक वर्ष से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से डायलिसिस पर थे. डायलिसिस से स्थायी समाधान संभव नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी. बेटे की हालत और भविष्य को देखते हुए पिता गणेश गोविंदराव घुरडे (60) ने अपनी एक किडनी दान करने का निर्णय लिया और बेटे को नया जीवन दिया. यह शस्त्रक्रिया महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पूरी तरह नि:शुल्क की गई. इस योजना के माध्यम से अमरावती का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल किडनी प्रत्यारोपण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है और यहां अन्य जिलों व राज्यों से भी मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं.
यह सफल शस्त्रक्रिया अस्पताल के वैद्यकीय अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे और विशेष कार्य अधिकारी डॉ. मंगेश मेंढे के मार्गदर्शन में की गई. नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अविनाश चौधरी, यूरो सर्जन डॉ. राहुल पोटोडे, डॉ. विक्रम देशमुख, डॉ. राहुल घुले सहित डॉक्टरों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की सफल शस्त्रक्रियाओं से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को नया जीवन मिल रहा है और सरकारी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है.

Back to top button