औरंगज़ेब की कब्र को महाराष्ट्र से हटाएंगे
नवनीत राणा का बयान, कांग्रेस पर साधा निशाना, हर्षवर्धन सपकाल के बयान की निंदा

अमरावती/दि.17 – भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि औरंगज़ेब की कब्र जल्द ही महाराष्ट्र से हटाई जाएगी. उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बयान की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा इतिहास के विवादित व्यक्तियों का समर्थन करने वाली रही है.
मीडिया से बातचीत में राणा ने कहा कि कांग्रेस कभी औरंगज़ेब की कब्र का समर्थन करती है तो कभी टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने वालों को प्रोत्साहित करती है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों पर चलने वाला राज्य है और जनता ऐसी विचारधारा को स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा शिवाजी महाराज और भीमराव आंबेडकर के विचारों को मानने वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस समाज में गलत संदेश देने का काम कर रही है. राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इतिहास को राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग कर रही है.
नवनीत राणा ने यह भी कहा कि औरंगज़ेब ने संभाजी महाराज पर अत्याचार किए थे और ऐसे व्यक्ति की कब्र का महिमामंडन उचित नहीं है. उन्होंने दावा किया कि इसे हटाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं और इसमें कुछ समय लग सकता है.





