जनसंवाद में 1200 नागरिकों ने रखीं समस्याएँ, 137 का मौके पर समाधान

प्रशासन के उपक्रम को जिलेभर में मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

अमरावती /दि.19 – पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल पर चलाए जा रहे ‘मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान’ के अंतर्गत आज अमरावती जिले के सभी 14 तहसीलों में एक साथ ‘जनसंवाद व शिकायत निवारण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नागरिकों का भारी प्रतिसाद देखने को मिला और कुल लगभग 1197 शिकायतें प्रत्यक्ष रूप से दर्ज की गईं, जिनमें से 137 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया.
इस अभियान के तहत अचलपुर में विधायक प्रवीण तायडे, प्रकल्प संचालक प्रीति देशमुख तथा उपविभागीय अधिकारी बलवंत अरखराव उपस्थित रहे. मोर्शी में उपजिल्हाधिकारी प्रसेनजित चव्हाण, नांदगांव खंडेश्वर में उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर व तहसीलदार अश्विनी जाधव तथा अमरावती में निवासी उपजिल्हाधिकारी संतोष काकडे व अन्य अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएँ सुनीं. धारणी तहसील कार्यालय की नई प्रशासनिक इमारत में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के नागरिकों ने सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएँ रखीं. मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.

* प्रशासन-जनता दूरी कम करने का प्रयास
जिले की सभी 14 तहसीलों में एक साथ आयोजित जनसंवाद व शिकायत निवारण कार्यक्रमों में प्रमुख रुप से बिजली वितरण, ग्रामीण जलापूर्ति, जलसंवर्धन, राजस्व मामले, शिक्षा, घरकुल योजना, पुनर्वसन, गैस वितरण जैसी समस्याओं को लेकर शिकायते सामने आई. कार्यक्रम में तहसील, जिला परिषद और विभिन्न विभागों के अधिकारियों, ग्रामसेवकों तथा कृषि सहायकों ने भाग लेकर शिकायतों के निवारण का प्रयास किया. जिला प्रशासन ने प्रत्येक तहसील के लिए समन्वयक अधिकारी नियुक्त कर नागरिकों की समस्याएँ व्यवस्थित रूप से दर्ज कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की. प्रशासन का कहना है कि जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याएँ सीधे शासन तक पहुँच रही हैं और प्रशासन व नागरिकों के बीच संवाद मजबूत हो रहा है.

* तहसीलवार शिकायतें
अमरावती –                    52
तिवसा –                         35
भातकुली –                     56
दर्यापुर –                        85
अंजनगांव सुर्जी –           123
अचलपुर –                     76
चांदूर बाजार –                48
धारणी –                         43
चिखलदरा –                   80
मोर्शी –                          76
वरूड –                        110
चांदूर रेलवे –                 136
धामणगांव रेलवे –          134
नांदगांव खंडेश्वर –           43

Back to top button