22 ब्रास रेत के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
दो ट्रक जब्त, शेंदुरजना पुलिस की कार्रवाई

शेदुरजनाघाट/दि.20 – ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रेती तस्कर सक्रिय होने से पुलिस द्बारा लगातार कार्रवाई करते हुए रेत माफिया की कमर तोडी जा रही है. इसी तरह बुधवार 18 फरवरी की देर रात को शेंदुरजनाघाट पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बिना रॉयल्टी कन्हान रेत की तस्करी करते हुए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई कर दो ट्रकों को पकडा है. दोनों मामले में पुलिस ने 37 लाख का माल जब्त किया है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार शेंदुरजनाघाट पुलिस ने पांढुर्णा से पुसला रोड पर बुधवार 18 फरवरी की आधी रात के बाद एक ट्रक को रोककर जांच की. इस प्रकरण में टाटा कंपनी का ट्रक क्रमांक एमएच 27 बीएएक्स 7576 पकडा गया. ट्रक चालक का नाम जासमीन नगर निवासी रिजवान खान अनवर खान (37) तथा दूसरे आरोपी का नाम अंजनगांव सुर्जी निवासी मोहम्मद जुनैद मोहम्मद बजीर (45) बताया गया. पुलिस के अनुसार ट्रक में लगभग 11 ब्रास कन्हान रेत अवैध रूप से बिना परवाना व बिना रॉयल्टी के ले जाई जा रही थी. इस कार्रवाई में पुलिस ने 18 लाख 75 हजार रुपए का माल जब्त किया गया. वहीं दूसरी और इसी स्थान पर सुबह 6 बजे के दौरान दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने टाटा कंपनी का ट्रक क्रमांक एमएच 27 बीएक्स 6691 पकडा. इस मामले में आरोपी असफाक शेख बबु (41) व जामगांव वरूड निवासी उमेश शेशराव तुमडाम (48) बताए गए हैं. पुलिस ने बताया कि इस ट्रक में भी लगभग 11 ब्रास कन्हान रेत अवैध रूप से बिना रॉयल्टी व बिना परमिट तस्करी की जा रही थी. कुल 18 लाख 75 हजार रुपए का माल जब्त किया गया. दोनों मामलों में पुलिस द्बारा कुल 22 ब्रास अवैध रेत तथा दो ट्रक जब्त कर 37.50 लाख रुपए का माल कब्जे में लिया गया हैं. आगे की जाचं शेंदुरजनाघाट पुलिस कर रही है. इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ धारा 303 (2), 3 (5) बीएनएस, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9,15 तथा भादविं 379, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया.





