अण्णा हजारे स्टेबल
किडनी पर पड़ा असर

* यूरिन इंफेक्शन के साथ भूलने की समस्या भी संभव
मुंबई/दि.1 – वरिष्ठ समाजसेवी अण्णा हजारे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बॉम्बे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे वायरल इंफेक्शन, डिहाइड्रेशन और लूज मोशन के कारण उनकी किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हुई है. उन्हें यूरिन इंफेक्शन भी हुआ है. हालांकि, डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है.
उनका इलाज कर रहे डॉ. गौतम भंसाली ने मंगलवार को मीडिया को उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अण्णा को 3 अगस्त से वायरल इंफेक्शन था. इसके चलते उन्हें बार-बार डिहाइड्रेशन की समस्या हुई. लंबे समय तक वायरल इंफेक्शन रहने के कारण यूरिन इंफेक्शन भी हो गया. डॉक्टरों के अनुसार, वायरल इंफेक्शन और लूज मोशन के कारण शरीर में पानी की कमी हुई, जिसका असर किडनी पर पड़ा है. अण्णा हजारे की उम्र 91 वर्ष है. उम्र को देखते हुए उन्हें कुछ समय के लिए भूलने या याददाश्त से जुड़ी हल्की परेशानी हो सकती है. हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और घबराने की जरूरत नहीं है. डॉ. गौतम भंसाली ने कहा कि यदि अण्णा हजारे की तबीयत इसी तरह स्थिर रहती है और उपचार का अच्छा असर होता है, तो उन्हें अगले तीन-चार दिनों में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है.
* कई दिनों से चल रही थी तबीयत खराब
अण्णा हजारे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे. उन्हें तेज खांसी, बुखार, कमजोरी और शरीर में पानी की कमी की शिकायत थी. स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने और कमजोरी बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मुंबई ले जाने का निर्णय लिया. सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने भी डॉक्टर गौतम भंसाली से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली.





