दिवाली की छुट्टियों में स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान 31 तक

शिक्षा विभाग का पत्र जारी

अमरावती/दि.17 – राज्य के स्कूलों में स्वच्छता, रखरखाव और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा विभाग ने दिवाली की छुट्टियों के दौरान ‘चलो स्कूल चलें… विशेष विद्यालय स्वच्छता अभियान’ चलाने के निर्देश दिए हैं. यह अभियान 18 से 31 अक्तूबर तक दो चरणों में संचालित किया जाएगा. इसके अंतर्गत स्कूलों की साफ सफाई आवश्यक मरम्मत और परिसर को सुरक्षित बनाने के कार्यो को प्राथमिकता दी जाएगी.
इस संंबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने 16 अक्तूबर को मंत्रालय से परिपत्र जारी किया है. अभियान के पहले चरण में 18 से 24 अक्तूबर तक पूर्व तैयारी एवं नियोजन किया जायेगा, जबकि दूसरे चरण में 25 से 31 अक्तूबर तक प्रत्यक्ष स्वच्छता और मरम्मत के कार्य पूरे किए जाएंगे.
* पहले चरण में नियोजन, दूसरे में स्वच्छता एवं मरम्मत
पहले चरण मेें के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति की विशेष बैठक आयोजित कर शिक्षकों, अभिभावकों पूर्व विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं. इसके साथ ही कक्षाओं, कार्यालयों , प्रयोगशालाओं, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था और खेल मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यो की सूची तैयारी की जाएगी.
दूसरे चरण में स्कूलों की व्यापक साफ सफाई की जाएगी. इसमें फर्श, दीवारों, दरवाजों, खिडकियों, छत, पंखों, शौचालयों और पानी की टंकियों की सफाई शामिल है. स्कूल परिसर में कचरा हटाने, मच्छरों एवं कीटों की रोकथाम तथा कचरे के उचित वर्गीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा विद्युत व्यवस्था, टूटे फर्निचर और असुरक्षित स्थानों की आवश्यक मरम्मत की जाएगी.
अलग से निधि नहीं उपलब्ध अनुदान से होगा खर्च
अभियान के लिए अलग से अतिरिक्त निधि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. स्वच्छता एवं मरम्मत संबंधी कार्यो पर होनेवाला खर्च समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत प्राप्त समेकित विद्यालय अनुदान से किया जायेगा. विभाग ने स्पष्ट किया कि इन कार्यो के लिए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की आर्थिक राशि या चंदा नहीं लिया जा सकता.
मुख्याध्यापकों पर क्रियान्वयन की जिम्मेदारी
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित स्कूल के मुख्याध्यापक को सौंपी गई है. केंद्र प्रमुखों, समूह शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों और विभागीय उप संचालकों को समय समय पर कार्यो की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए है. साथ ही अभियान से पहले छायाचित्र सुरक्षित रखना भी अनिवार्य किया गया है.
स्थानीय निकायों के स्कूलों में स्थायी चपरासी नियुक्त करें – शिक्षक समिति
राज्य के जिला परिषद, महानगरपालिका और नगरपालिका स्कूलों में स्थायी चपरासियों की नियुक्ति करने की मांग महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति ने की है. समिति का कहना है कि केवल विशेष स्वच्छता अभियान चलाने से स्कूलों में नियमित साफ-सफाई की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. स्कूलों और उनके परिसरों को प्रतिदिन स्वच्छ रखने के लिए नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति आवश्यक है. अभियान के साथ साथ स्थानीय स्वराज्य संस्थाओें के स्कूलों में स्थायी चपरासियों की नियुक्ति की दिशा में भी सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए.

Back to top button