सदावर्ते के बयान पर दर्यापुर के शिवसैनिकों में आक्रोश

गधे पर तस्वीर रखकर निकाला जुलूस

* गोपाल पाटिल अर्बत के नेतृत्व में दर्यापुर में प्रदर्शन
* जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
दर्यापुर/दि.17 – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर एडवोकेट गुणरत्न सदावर्ते द्वारा कथित तौर पर दिए गए बयान से शिवसैनिकों में नाराजगी फैल गई है. इस बयान के विरोध में शिवसेना के पूर्व अमरावती ग्रामीण जिला प्रमुख गोपाल पाटिल अरबट के नेतृत्व में दर्यापुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एड. सदावर्ते की तस्वीर गधे पर रखकर शहर में जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया.
शिवसेना पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एड. सदावर्ते ने 15 अक्टूबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए. शिवसैनिकों ने उनके कथित बयानों की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नेताओं के बारे में बोलते समय भाषा की मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखना आवश्यक है. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान प्रचार पाने के उद्देश्य से दिए जा रहे हैं. उन्होंने मांग की कि संबंधित बयानों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और एड. सदावर्ते सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.
* जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन
इस मामले में शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में 15 अक्टूबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए कथित आरोपों की जांच करने, नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने और संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक माफी की मांग की गई. शिवसेना पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में शिवसेना नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए गए, तो पार्टी की ओर से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
* बड़ी संख्या में शिवसैनिक रहे मौजूद
गोपाल पाटिल अरबट के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में उपजिला प्रमुख बाबूराव उंबरकर, उपसभापति राजू पाटिल कराले, राजेंद्र गाइगोले, नितिन चौखंडे, सुनील केने, महेंद्र भांडे, तुषार चौधरी, नंदू जांभुलकर, अतुल सागने, गोपाल तराल, शरद आठवले, गणेश गावंडे, नागोराव केने, सौरभ वैजाडे, सौरभ मालिये, सचिन कोरडे, विनय चौधरी, राम गावंडे, कमलेश वानखड़े, दीपक काटोले, गजू खेडकर, श्रीजीत सुरजुसे, हेमंत उमाले, सागर गेठे, वैभव काले, शिवा राउत, दिनेश पांडे, पंकज मुंडे, राजू हरणे, राहुल भुंबर, दीपक पांडे, राहुल रेखाटे, अजमत शाह, सिकंदर खान, सतीश नागे और विनय गावंडे सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित थे. प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण होने की बात भी सामने आई. इस घटनाक्रम के बाद दर्यापुर के राजनीतिक गलियारों में मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

Back to top button