ईवी चार्जिंग के दौरान करंट लगने से 13 वर्षीय छात्रा की मौत

वर्धा के नालवाडी क्षेत्र की घटना, परिसर में शोक की लहर

वर्धा/दि.26 – वर्धा शहर के नालवाड़ी क्षेत्र में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन चार्जिंग के दौरान करंट लगने से 13 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो जाने की हृदयविदारक घटना सामने आई है. इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा स्कूल के विद्यार्थियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नालवाड़ी स्थित गजानन अपार्टमेंट में रहने वाले तथागत रामटेके की पुत्री आरोही रामटेके (13) का बिजली का जोरदार झटका लगने से निधन हो गया. आरोही ‘स्कूल ऑफ ब्रिलियंस’ की सातवीं कक्षा की मेधावी छात्रा थी और पढ़ाई में हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करती थी. बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच आरोही अपनी सहेली के घर विज्ञान प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए गई थी. इसी दौरान वह बाथरूम में गई, जहां स्विच बोर्ड में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन चार्जिंग के लिए लगाया गया प्लग जुड़ा हुआ था. बोर्ड के संपर्क में आते ही उसे तेज करंट लगा. करंट लगने के बाद इलेक्ट्रिक वाहन भी उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई और उसका शरीर काला पड़ गया. घटना के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए पहले साहू अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां से बेहतर इलाज के लिए सावंगी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत गंभीर हो गई. शाम करीब छह बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस दर्दनाक घटना से रामटेके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं स्कूल में भी शोक का माहौल है. छात्र-छात्राएं अपनी सहपाठी के निधन से बेहद व्यथित हैं.

Back to top button