मनपा उद्यान विभाग के खिलाफ राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस का आक्रोश
कामकाज की जांच की मांग को लेकर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

अमरावती /दि.28 – अमरावती महानगरपालिका के उद्यान विभाग में कथित लापरवाही, अव्यवस्थित और गैरजिम्मेदाराना कार्यप्रणाली के विरोध में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस ने गुरुवार को मनपा कार्यालय पर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया. संगठन के पदाधिकारियों ने उद्यान विभाग के कामकाज की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपा.
राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के शहराध्यक्ष ऋतुराज राऊत ने आरोप लगाया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की संकल्पना को उद्यान विभाग की उदासीनता के कारण झटका लग रहा है. शहर के उद्यानों के विकास, रखरखाव और मरम्मत की ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. कई उद्यानों में बच्चों के खेल उपकरण खराब स्थिति में हैं, जिससे वहां जेष्ठ नागरिकों और महिलाओं का जाना भी असुविधाजनक हो गया है. उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर लगी हरियाली सूख चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा. वहीं हाल ही में मनपा के उद्यान विभाग में चार नए शक्तिमान वाहन शामिल किए गए हैं, इसके बावजूद शहर में नियमित रूप से वृक्ष छंटाई का कार्य नहीं हो रहा है. जहां छंटाई की गई है, वहां पेड़ों की काटी गई शाखाएं महीनों तक नहीं उठाई जातीं, जिससे यातायात में भी बाधा उत्पन्न हो रही है.
* अधिकारियों पर टालमटोल का आरोप
रायुकां पदाधिकारियों का कहना है कि जब इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से पूछताछ की जाती है, तो वे मनुष्यबल की कमी और निधि उपलब्ध नहीं होने का कारण बताकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं. संगठन ने आरोप लगाया कि विभाग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण ही यह अव्यवस्था पैदा हुई है.
* उद्यान अधीक्षक के कक्ष में डाली पेड़ों की शाखाएं
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध जताते हुए उद्यान अधीक्षक अजय विंचूरकर के कक्ष में पेड़ों की काटी गई शाखाएं लाकर डाल दीं. कार्यकर्ताओं ने पिछले एक वर्ष में उद्यान विकास के लिए की गई निधि, सार्वजनिक उद्यानों पर खर्च तथा नए शक्तिमान वाहनों का किन-किन क्षेत्रों में उपयोग किया गया, इसकी जानकारी भी मांगी. इस दौरान कार्यकर्ता उद्यान विभाग के कामकाज को लेकर काफी आक्रोशित दिखाई दिए. बाद में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर श्रीचंद तेजवाणी से मुलाकात कर विभाग में चल रही कथित अनियमितताओं से अवगत कराया.
ज्ञापन सौंपते समय सुनील जावरे, संकेत बोके, मनीष पाटिल, अतुल इंगळे, पियुष मोरे, प्रथमेश बोके, कर्नलसिंह राहाल, सागर इंगळे, अजय बेहरे, जयेश सोनोने, सार्थक खोरगडे, प्रमोद धनाडे, प्रथमेश गवई, उज्ज्वल पांडे, बबलू वाडेकर सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उद्यान विभाग के कामकाज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी समय में तीव्र आंदोलन किया जाएगा.





