प्रभावित किसानों को एक-एक लाख दें
सांसद बलवंत वानखडे की मांग

* 5 हजार की मदद को बताया महज
अमरावती/दि.15- महाराष्ट्र के किसान अभूतपूर्व आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. सूखे के कारण लागत डूब गई है. किसानों का कर्ज का भार बढ गया है. ऐसे में देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा केवल 5 हजार रुपए की अग्रिम सहायता की घोषणा नाकाफी है. किसानों को एक-एक लाख रुपए क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने की है.
वानखडे ने कहा कि, कपास, सोयाबीन और तुअर की फसल चौपट हो गई है. किसानों का बडा नुकसान हुआ है. दिवाली मनाना दूर उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, कर्ज लौटाने और अगले सीजन के लिए पैसा जुटाने की चुनौती गंभीर है. वानखडे ने कहा कि, लाखों रुपए का नुकसान किसानों का हुआ है. ऐसे में 5 हजार रुपए की सहायता से कितना सहारा मिलेगा, इसका उत्तर मुख्यमंत्री को देना चाहिए.
वानखडे ने कहा कि, नुकसान के पंचनामे तत्काल पूर्ण कराने एवं भरपूर सहायता सीधे बैंक खातों में जमा की जाए. उन्होंने कहा कि, किसानों को सहायता के लिए सरकारी दफ्तरों या बैंकों के चक्कर काटने की नौबत नहीं आनी चाहिए. सांसद वानखडे ने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार को अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए. संकट के इस दौर में किसानों का साथ देना चाहिए. उनके साथ खडा रहना, भरपूर अर्थ सहायता देना आवश्यक है.





