प्रभाग के युवाओं की उच्च शिक्षा और नौकरियों पर जोर
एमआईएम के नगरसेवक सैयद राशिद सैयद शौकत की प्राथमिकता

* गंदगी ने किया जीना मुहाल, स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान
अमरावती/दि.2 – सांसद ओवैसी की पार्टी एमआईएम के नगरसेवक सैयद राशिद अली सैयद शौकत ने दो टूक कहा कि, उनके प्रभाग-15 छाया नगर पठानपुरा में नौजवानों को उच्च शिक्षा और जॉब दिलाने पर उनका जोर रहेगा. बेशक प्रभाग की साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, मूलभूत सेवा-सुविधाएं होगी ही. किंतु उनका लक्ष नौजवान पीढी को दुर्व्यसनों, बुरी आदतों, अपराधों से दूर रखना है. सैयद राशिद सैयद शौकत ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान स्पष्ट कर दिया कि, सांसद ओवैसी साहब की योजनाओं को यहां धरातल पर साकार करने की उनकी कोशिश रहेगी. एमआईएम की सर्वप्रथम प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर नागरी सुविधाएं देना रहा है.
* स्वास्थ्य और शिक्षा पर बल
सैयद राशिद सैयद शौकत पेशे से पत्रकार है. उसी प्रकार खेतीबाडी भी करते हैं. उन्होंने कहा कि, लोगों ने नगरसेवक के रुप में इसलिए चुनकर दिया कि, पश्चिमी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से भी महरुम है. ऐसे में बेशक पहला जोर बिजली, पानी, सडक रहेगा. किंतु अपने प्रभाग में वे स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं पर बल देना चाहेंगे. उन्होंने अपने कार्य आरंभ कर दिये हैं. प्रभाग में मनपा के अस्पताल बढाने के साथ स्कूल-कॉलेज के लिए भी एमआईएम समवेत प्रयास करेगी.
* बढाने होंगे अस्पताल
नगरसेवक सैयद राशिद सैयद शौकत ने कहा कि, उनका प्रभाग बहुत फैला हुआ है. जहां मनपा की शालाएं केवल कक्षा 10 वीं तक है. उसे कनिष्ठ महाविद्यालय तक बढाने के प्रस्ताव उन्होंने कर दिये हैं. उसी प्रकार अब एरिया में अस्पतालों की भी दरकार है. बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर रहेगा. इसके लिए भी आमसभा में प्रस्ताव पारित कर एरिया में अस्पताल स्थापित करने की कोशिश की जाएगी. पत्रकार सैयद राशिद अली ने कहा कि, अभी परिसर के लोगों को छोटी-बडी तकलीफ के लिए भी इर्विन, डफरीन दौड लगानी पडती है. सरकारी अस्पतालों में भी पहचान जताने के बाद ही उपचार मिल पाता है. अपने क्षेत्र में मनपा के स्वास्थ्य केंद्र बढाने और उनके सुचारु संचालन पर भी सभी नगरसेवक मिलकर प्रयास करेंगे.
* छोटा परिवार सुखी परिवार
पेशे से पत्रकार नगरसेवक सैयद राशिद अली ने बताया कि, उनके परिवार में पत्नी हमीदा बानो, पुत्र शाहीद और पुत्री मुस्कान जबीन है. उनकी पत्नी हमीदा बानो साप्ताहिक विदर्भ सहारा की संपादिका है. स्वयं सैयद राशिद अली दैनिक अमरावती प्रभात के संपादक है. उनके भाई सैयद अली वनविभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं.
* 200 साल की स्कूल का विकास
नगरसेवक सैयद राशिद अली ने बताया कि, नागपुरी गेट उर्दू स्कूल 1823 में स्थापित हुई थी. इस स्कूल के विकास हेतु उन्होंने मनपा शिक्षाधिकारी प्रकाश मेश्राम को प्रस्ताव दिया है. मेश्राम साहब ने आकर यहां मुआयना कर लिया है. इस स्कूल के विकास के साथ यहां अभ्यासिका के लिए भी सैयद राशिद अली प्रयत्न करने वाले हैं. बल्कि उन्होंने कहा कि, तालीम पर उनका जोर है. नौजवानों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए नगरसेवक के रुप में सभी प्रयत्न करने की बात उन्होंने कही. यह भी कहा कि, युवा पढ-लिख जाये तो बुरी आदतों से दूर रहते हैं. अत: कामकाज, जॉब के लिए भी वे प्रयत्नशील रहेंगे.
* गंदगी से छुटकारा
सैयद राशिद अली ने कहा कि, प्रभाग संवेदनशील है. यहां गंदगी का आलम है. जिसे दूर करने के वास्ते वे नगरसेवक के रुप में अपना फर्ज निभाने की पूरी कोशिश करेंगे. यहां सफाई कर्मी बढाये जाना आवश्यक है. सफाई ठेकेदार ने ढंग से काम नहीं किया, तो उसे ब्लैकलिस्टेड करने की मांग उनकी रहेगी. नगरसेवक सैयद राशिद अली ने कहा कि, नालियां इतनी चोकअप पडी है कि, जेट मशीन से भी फंसा हुआ कूडा निकालना दुश्वार हो रखा है. इसलिए वे पार्टी के तीनों साथी नगरसेवकों के साथ यहां गंदगी से निजात दिलाने के काम को वरियता दे रहे हैं.
* बाग-बगीचे डेवलप
सैयद राशिद अली ने बताया कि, उनके घर के पास का मौलाना आजाद गार्डन सहित प्रभाग के हबीब नगर और अन्य गार्डन के डेवलपमेंट हेतु कोशिशें जारी है. मौलाना आजाद गार्डन में व्यायाम की मशीनें स्थापित हो गई है. प्रभाग के लोग वहां नित्य आ रहे हैं. अब गार्डन की देखभाल के लिए भी महापालिका से कर्मचारी की नियुक्ति हेतु प्रस्ताव देंगे. उन्होंने अपने प्रभाग के नागरिकों को अधिकाधिक नागरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ ही फिलहाल बीजेपी महायुति के राज में मनमानी चलने का आरोप किया. उन्होंने किरीट सोमैया की मनपा में ली गई विवादास्पद बैठक का खास तौर से उल्लेख कर इसे नियमबाह्य बताया. नगरसेवक सैयद राशिद अली ने कहा कि, एमआईएम इस प्रकार के असंवैधानिक मीटिंग आयोजन का कडा विरोध करती रहेगी.





