मनपा मुख्यालय की नई इमारत और टाउन हॉल निर्माण को सीएम ने दी मंजूरी
विधायक रवि राणा के प्रयासों को मिली सफलता

अमरावती /दि.4 – शहर के विकास को गति देने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय राज्य सरकार ने लिया है. मनपा मुख्यालय की नई प्रशासनिक इमारत तथा आधुनिक टाउन हॉल के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. इस संबंध में विधायक रवि राणा ने जानकारी दी.
विधायक राणा ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं को आगामी राज्य बजट में शामिल किया जाएगा. नई मनपा मुख्यालय इमारत के लिए लगभग 171.91 करोड़ रुपये तथा आधुनिक टाउन हॉल निर्माण के लिए 74.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. इस प्रकार कुल 246.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को हरी झंडी मिल गई है. उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे लगातार राज्य सरकार के समक्ष प्रयासरत थे. उनके सतत पाठपुरावा के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की.
* प्रशासनिक कार्यों को मिलेगी गति, सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा आधुनिक मंच
नई मनपा मुख्यालय इमारत के निर्माण से प्रशासनिक कार्य अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित होंगे. अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. वहीं, नए टाउन हॉल के निर्माण से शहर में सांस्कृतिक, सामाजिक और शासकीय कार्यक्रमों के लिए आधुनिक और सुसज्जित मंच उपलब्ध होगा. इससे शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
विधायक रवि राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण है. बजट में प्रावधान होते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा. शहरवासियों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है और विश्वास जताया है कि इन दोनों परियोजनाओं से अमरावती के विकास को नई गति मिलेगी.





