उधारी के पैसों के लिए की गई अमर व्यास की हत्या
क्राईम ब्रांच के दल ने कुछ ही घंटों में दबोचा चार आरोपियों को

* घटना में शामिल थे आठ आरोपी
* तीन आरोपी पहले से एक हत्याकांड में हैं कारागृह में कैद
* चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल रवाना
अमरावती/दि.4- छत्री तालाब रोड स्थित पोहरा जंगल में युवक की हत्या कर सबूत नष्ट करने के इरादे से आरोपियों ने शव कुएं में फेंक दिया था. यह शव बरामद होने के बाद पीएम रिपोर्ट मिलते ही क्राईम ब्रांच के दल ने तलाश शुरू कर कुछ ही घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह भी उजागर हुआ कि इस हत्याकांड में कुल 8 आरोपी थे. इनमें से तीन आरोपी पहले से ही एक अन्य हत्याकांड में मध्यवर्ती कारागृह में हैं. एक आरोपी फरार बताया जाता हैं. मृतक अमर व्यास की हत्या उधारी के पैसों को लेकर किए जाने की जानकारी जांच में सामने आयी है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम महादेवखोरी निवासी जय नागोराव कोकाटे (19), संजय विलास वानखडे (23), संजय गांधी नगर निवासी गौरव दिलीप गजभिये (25) और जीवन छाया कॉलोनी निवासी निश्चय सुनील पोटफोडे (21) हैं. तुषार अनिल सुपनेर (25) यह फरार बताया जाता हैं. जबकि महादेवखोरी निवासी आदेश रघुनाथ तेलमोर (24), रोहित संजय तायडे (23) और दीप उर्फ यशोदीप विनायकराव वेलकर (25) नामक यह तीनों आरोपी पहले से ही जेल में हैं. गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने पर उन्हें न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में जेल रवाना किया गया हैं.
बता दें कि फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में आनेवाले छत्री तलाब परिसर के पोहरा जंगल के कुएं में 1 मार्च को अज्ञात व्यक्ति का शव संदेहास्पद अवस्था में पडा रहने की जानकारी कंट्रोल रूम को प्राप्त होने के बाद तत्काल आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण व फ्रेजरपुरा का दल घटनास्थल पहुंच गया था. कुएं से शव बाहर निकालने के बाद आसपास का जायजा किया गया तब घटनास्थल पर सफेद रंग का शर्ट और रूमाल जला हुआ पाया गया. साथ ही घटनास्थल पर खून के धब्बे भी थे. साथ ही वहां पर बीयर की बोतले भी बरामद हुई थी. शव काफी सड चुका था. इस कारण मृतक युवक की हत्या कर सबूत नष्ट करने के इरादे से आरोपियों ने शव कुएं में फेंका रहने का पुलिस को अंदेशा था. मृतक के शरीर पर गहर जख्म के निशान थे. इस कारण चाकू घोंपकर उसकी हत्या किए जाने का पुलिस को अनुमान था. मृतक का एक पैर फ्रैक्चर भी पाया गया. पीएम रिपोर्ट प्राप्त होते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी. मृतक युवक की शिनाख्त महादेवखोरी निवासी अमर मोतीलाल व्यास (34) के रूप में हुई थी. अमर सूरत के एक कपडा कारखाने में काम करता था. वह 9 फरवरी को ही सूरत से अमरावती आया था और दूसरे दिन यानी 10 फरवरी से वह घर से लापता था. 18 दिन बाद उसका शव पोहरा के जंगल में कुएं से बरामद हुआ. मृतक के रिश्तेदार और दोस्त कम रहने से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती थी. तकनीकी जांच अथवा सीसीटीवी फुटेज प्राप्त न होने से पुलिस को आरोपियों का सुराग लगाना कठिन था. ऐसे में क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण ने अपने अधिकारी और कर्मचारियों की सहायता से अपने मुखबिरों को अलर्ट किया. तब पता चला कि कुछ दिन पूर्व महादेवखोरी के कुछ युवकों ने एक व्यक्ति की हत्या कर उन्हें कुएं में फेक दिया हैं. इस जानकारी के आधार पर क्राईम ब्रांच के चार दल तैयार कर आरोपियों का पता लगाया गया और जय कोकाटे, गौरव गजभिये, निश्चय पोटफोडे व संजय वानखडे को कब्जे में लिया गया. इन आरोपियों से कडी पूछताछ की गई तब उन्होंने इस हत्याकांड में कुल 8 आरोपी का समावेश रहने की जानकारी दी. इनमें से तीन आरोपी पहले से ही एक अन्य हत्याकांड में जेल में हैं. जबकि तुषार सुपनेर फरार बताया जाता हैं. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं.
* 3 हजार रुपए के लिए उतारा मौत के घाट
सूत्रों के मुताबिक मृतक अमर व्यास ने महादेवखोरी निवासी आरोपी आदेश रघुनाथ तेलमोर से 3 हजार रुपए उधार लिए थे. अमर ने यह पैसे आदेश को नहीं दिए थे. 9 फरवरी को सूरत से अमरावती घर लौटने के बाद दूसरे ही दिन आदेश और उसके साथियों ने मिलकर अमर व्यास की छत्री तालाब परिसर में ले जाकर उसकी लाथो-घूसों और लाठी से पिटने के बाद चाकू घोंपकर हत्या कर दी.पश्चात शव जंगल में ले जाकर कुएं में फेंक दिया गया.
* आदेश ने बाद में एक और की हत्या
सूत्रोंं के मुताबिक आदेश रघुनाथ तेलमोर (24), रोहित संजय तायडे (23) और दीप उर्फ यशोदीप विनायक वेलकर (25) नामक युवकों ने अमर व्याय की हत्या करने के बाद दूसरे दिन 11 फरवरी को नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के बोरगांव धर्माले प्रकल्प के पास सातुर्णा निवासी नयन नामक युवक की हत्या की गई थी. इस हत्याकांड में आदेश तेलमोर, रोहित तायडे और दीप वेलकर गिरफ्तार है और पहले से ही मध्यवर्ती कारागृह में हैं. यह तीनों आरोपी काफी कुख्यात बताए जाते है. इन तीनों आरोपियों के साथ जय कोकाटे भी विविध संगीन घटनाओं में शामील है. इन चारों कुख्यातों पर इसके पूर्व हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट समेत अन्य मामले दर्ज हैं.
* इन लोगों ने की कार्रवाई
अमर व्यास हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को पकडने में पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में उपायुक्त गणेश शिंदे, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, सहायक आयुक्त कैलाश पुंडकर के मार्गदर्शन में क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, महेश इंगोले, उपनिरीक्षक गजानन सोनोने, हवलदार सुनील लासूरकर, फिरोज खान, सतीश देशमुख, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, मनोज ठोसर, आस्तिक देशमुख, जहीर शेख, सचिन बहाले, मंगेश लोखंडे, प्रशांत मोहोड, विकास गुडधे, अतुल संभे, मिर्जा नईम बेग, नाजीमुद्दीन सैयद, विशाल वाकपांजर, सागर ठाकरे, रंजीत गावंडे, राजीक रायलीवाले, सूरज चव्हाण, निखिल गेडाम, योगेश पवार, संदीप खंडारे, प्रभात पोकले , चेतन शर्मा, राहुल दुधे, चेतन गुल्हाने के दल ने यह कार्रवाई की.





