पिता-पुत्र पर हमला कर हत्या का प्रयास
आसेगांव थाना क्षेत्र के मौजा सावली खुर्द की घटना

* खेती की नापजोख को लेकर उपजा विवाद
अमरावती/दि.10 – खेत की सरकारी गिनती के बाद ही आगे की प्रक्रिया करने की सलाह पडोसी किसानों को देने पर उपजे विवाद के चलते 4 लोगों ने मिलकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया. यह सनसनीखेज घटना आसेगांव थाना क्षेत्र के मौजा सावली खुर्द ग्राम में घटित हुई. हमले में गंभीर रुप से घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घायलों के नाम राजेंद्र शेंडे और उनका बेटा अभिषेक शेंडे है. जबकि आरोपियों के नाम प्रणय नंदकिशोर शेंडे, श्रीकांत बालकृष्ण शेंडे, गजानन बालकृष्ण शेंडे और प्रषम गजानन शेंडे है.
जानकारी के मुताबिक सावली खुर्द ग्राम निवासी प्रणय शेंडे के खेत की गिनती 9 जून को रहने से पडोसी किसान अभिषेक राजेंद्र शेंडे (25) को भूमि अभिलेख की तरफ से नोटिस आयी थी. नोटिस के मुताबिक उपस्थित रहकर गिनती हुई. पश्चात प्रणय शेंडे ने अभिषेक के खेत में लोहे के एंगल गाडना शुरु किया. तब अभिषेक ने प्रणय से कहा कि, उसे यह गिनती मंजूर नहीं है. वह सरकारी गिनती लाएगा. वह उसे मंजूर रहेगी. इस बात पर से प्रणय शेंडे संतप्त हो गया. प्रणय और श्रीकांत शेंडे ने अभिषेक के साथ विवाद कर जबरदस्ती उसके खेत में एंगल गाडना शुरु किया. अभिषेक और उसके पिता राजेंद्र शेंडे ने प्रतिकार किया, तब श्रीकांत शेंडे ने अभिषेक को पीछे से पकड लिया. पश्चात प्रणय ने लोहे के एंगल से अभिषेक के सिर पर वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. साथ ही गजानन शेंडे ने प्रणय के हाथ से एंगल लेकर अभिषेक पर हमला किया. जब अभिषेक के पिता अपने बेटे को बचाने के लिए गये, तब गजानन के बेटे प्रषम शेंडे ने लाठी से उन पर हमला कर घायल कर दिया. साथ ही दोनों पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी दी. जख्मी अभिषेक शेंडे की शिकायत पर आसेगांव पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. मामले की जांच आसेगांव पुलिस आगे कर रही है.





