पीआर पोटे पाटिल इंजीनियरिंग कॉलेज में गेट-2027 आउटरीच कार्यक्रम

एक्सपर्ट्स ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी और करियर अवसरों की दी जानकारी

अमरावती/दि.9– देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग परीक्षा गेट-2027 को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा उच्च शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से अमरावती के पी. आर. पोटे पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में ऑफलाइन आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया. आईआईटी बॉम्बे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला.
कार्यक्रम में आईआईटी बॉम्बे के गौरव घोष और प्रणव भगत ने विद्यार्थियों को गेट परीक्षा की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया. इस दौरान परीक्षा का प्रारूप, पाठ्यक्रम, प्रश्नपत्र की संरचना, तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन पद्धतियों तथा परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. विद्यार्थियों को आईआईटीएस, आईआईएससी सहित देश के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में पोस्टग्रेजुएट शिक्षा, रिसर्च के अवसरों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में करियर की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई.
मेंटर्स ने कहा कि गेट केवल प्रवेश परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, अनुसंधान और बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और गेट की तैयारी से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे. विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें तैयारी की सही दिशा प्रदान करना था. कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य, विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों और समन्वयकों ने सहयोग किया.

Back to top button