घर में घुसकर जीजा की हत्या का प्रयास

तीन भाईयों ने चाकू से किया हमला

* खोलापुर थाना क्षेत्र के उदापुर ग्राम की घटना
अमरावती/दि.10 – पैसे उधार देने के बाद गिरवी रखे मोबाइल को लेने गये तीन युवकों ने अपने ही चचेरे जीजा के घर में घुसकर चाकू से हमला कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया. यह सनसनीखेज घटना खोलापुर थाना क्षेत्र के उदापुर ग्राम में सोमवार 8 जून की रात घटित हुई. हमले में गंभीर रुप से घायल व्यक्ति का नाम सुनील रमेश कांबले (40) है. जबकि आरोपियों के नाम इब्राहिमपुर ग्राम निवासी गौतम धरमदास सिरसाट (35), वेदांत धरमदास सिरसाट (25) और सौरभ धरमदास सिरसाट है.
जानकारी के मुताबिक सुनील कांबले यह रिश्ते में सिरसाट परिवार का जीजा है. इसके चचेरे साले ने अपना मोबाइल गिरवी रख 2 हजार रुपए उधार लिये थे. 8 जून को चचेरे साले गौतम, वेदांत और सौरभ सिरसाट यह सुनील के घर अपना मोबाइल लेने के लिए गये, तब उनके बीच विवाद हो गया. इस विवाद के चलते तीनों सिरसाट बंधुओं ने मिलकर अपने चचेरे जीजा सुनील कांबले पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू से वार कर सुनील की हत्या करने का प्रयास किया गया. इस हमले में सुनील गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया. जख्मी के मृत्युपूर्व बयान के आधार पर खोलापुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गौतम और वेदांत सिरसाट को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button