मजाक करने पर युवक पर लोहे के रॉड से हमला, सिर फूटा

राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/ दि. 4 – शहर के राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. यह घटना एमआईडीसी रोड पर सूतगिरणी के सामने स्थित बियर शॉपी के पास हुई.
जानकारी के मुताबिक महालक्ष्मी नगर निवासी जख्मी युवक तुषार किशोरराव कोंबे (24) ने राजापेठ थाने में दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक वह बी.एस.सी. की पढ़ाई कर रहा है. बताया जा रहा है कि घटना के समय तुषार अपने एक मित्र के साथ मटन लेने के लिए गया था. इसी दौरान पास की बियर शॉपी पर उसकी मुलाकात बिंट्टू पोकले (्र 26) से हुई. बातचीत के दौरान तुषार और उसके दोस्त ने मजाक किया, जो आरोपी को पसंद नहीं आया. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर बिंट्टू पोकले ने पहले तुषार को गालियां दीं और फिर अचानक मारपीट शुरू कर दी. तुषार ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, लेकिन आरोपी नहीं माना. इसके बाद आरोपी ने अपनी मोटर साइकिल की डिक्की से हथियार निकाला और तुषार के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा. घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया. मामले में राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Back to top button