बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए महावितरण की पहल
मंगलवार को 23 उपविभागों में आयोजित होगा ‘ऊर्जामित्र दिवस’

अमरावती/ दि. 6 –बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए महावितरण ने पहल करते हुए आगामी मंगलवार को जिले के 23 उपविभागों में ‘ऊर्जामित्र दिवस’ आयोजित करने का निर्णय लिया है. यह शिकायत निवारण शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा. महावितरण के मुख्य अभियंता अशोक सालुंके ने जिले के अधिक से अधिक बिजली उपभोक्ताओं से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है.
महावितरण द्वारा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इसके बावजूद यदि बिजली आपूर्ति, बिलिंग या सौर ऊर्जा से संबंधित कोई शिकायत हो तो उसका समाधान समय पर हो सके, इसके लिए ‘ऊर्जामित्र दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है. उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह शिविर महावितरण के प्रत्येक उपविभाग कार्यालय में आयोजित किया जाएगा. इस दौरान संबंधित उपविभाग प्रमुख और अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो उपभोक्ताओं की शिकायतें, सुझाव और अपेक्षाएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे.
महावितरण द्वारा हर महीने के दूसरे मंगलवार को ‘ऊर्जामित्र दिवस’ मनाया जाता है. पिछले सात महीनों में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जिले में कुल 514 शिकायतें प्राप्त हुईं. इनमें 110 शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित, 322 बिलिंग से जुड़ी और 82 अन्य कारणों से संबंधित थीं. इनमें से 513 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि केवल एक शिकायत बुनियादी ढांचे से जुड़ी होने के कारण लंबित है. महावितरण ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं.





