रोहित पवार की शुगर फैक्ट्री की वजह से हुआ अजीत पवार के विमान का हादसा

शक्कर कारखाने से निकलते धुएं के चलते बारामती एअरपोर्ट पर दृश्यमानता कम

* भाजपा युवा मोर्चा ने उठाया अलग ही एंगल, जांच की मांग उठाई
पुणे/मुंबई./दि.7 – महाराष्ट्र की राजनीति में हाल ही में हुए अजित पवार के विमान हादसे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. एक ओर जहां विधायक रोहित पवार लगातार इस घटना को सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि संभावित साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं अब उन्हीं पर इस हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जिसके तहत भाजपा युवा मोर्चा ने दावा किया है कि रोहित पवार से जुडी एक शुगर फैक्ट्री के धुएं के कारण बारामती एअरपोर्ट के आसपास दृश्यता कम हुई और संभवतः उसी वजह से विमान हादसा हुआ. इस मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग भी की गई है.
भाजपा युवा मोर्चा के पुणे जिलाध्यक्ष वैभव सोलनकर ने आरोप लगाया कि बारामती क्षेत्र में स्थित एक शुगर फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रहा है. उनका कहना है कि हादसे के दिन इलाके में धुएं की वजह से दृश्यता कम हुई थी, जिससे विमान की लैंडिंग या उड़ान में बाधा आ सकती है. सोलनकर ने यह भी सवाल उठाया कि क्या औद्योगिक उत्सर्जन के कारण कृत्रिम धुंध जैसी स्थिति बनी थी और क्या इसका असर विमान संचालन पर पड़ा. उन्होंने इस पूरे मामले की स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है.
भाजपा युवा मोर्चा ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भी लिखा है. पत्र में बारामती के शेठफल गडे क्षेत्र में स्थित शुगर फैक्ट्री से होने वाले प्रदूषण का मुद्दा उठाया गया है. पत्र में आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं के कारण स्थानीय लोगों को श्वसन संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी समस्याएं हो रही हैं. साथ ही इसका असर खेती पर भी पड़ रहा है.
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार ने कहा कि यह सभी आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं. उनका कहना है कि अजित पवार के विमान हादसे को लेकर वह लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और उसी वजह से उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. बता दें कि, विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर रोहित पवार ने दिल्ली में विभिन्न विपक्षी नेताओं से मुलाकात भी की है. इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और जल्द ही राहुल गांधी तथा ममता बनर्जी से भी मिलने की योजना बताई है.
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब इस विमान हादसे को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. भाजपा युवा मोर्चा जहां शुगर फैक्ट्री के धुएं और प्रदूषण की वैज्ञानिक जांच की मांग कर रहा है, वहीं रोहित पवार इस पूरे मामले में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच पर जोर दे रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुद्दे ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और आने वाले दिनों में इस पर और बयानबाजी तेज होने की संभावना है.

Back to top button