टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर अंबानगरी डूबी जश्न में
हर ओर रहा जल्लोषपूर्ण माहौल, ‘इंडिया... इंडिया...’ का गूंजा जयघोष

* युवाओं, महिलाओं सहित आबाल-वृद्धों ने भी भारत की जीत पर जमकर मनाई खुशी
* राजकमल सहित मुख्य चौक-चौराहों व गली-मोहल्लो में रहा जश्न व आतिशबाजी का माहौल
अमरावती /दि.9 – बीती रात गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आयसीसी टी-20 विश्व कप फाइनल मुकाबले में जैसे ही भारतीय टीम ने अपनी प्रतिस्पर्धी रहनेवाली न्यूझीलैंड की टीम पर शानदार जीत दर्ज की, वैसे ही इस फाइनल मुकाबले को अपने-अपने टेलिविजन सेट व मोबाइल पर देख रहे अमरावतीवासी जश्न में डूब गए और पूरे शहर में हर ओर जल्लोशपूर्ण माहौल बन गया. साथ ही साथ शहर में हर ओर ‘इंडिया… इंडिया…’ का जयघोष सुनाई देने लगा. खास बात यह रही कि, भारतीय टीम के अधिकारिक रुप से विजयी होते ही लोगबाग अपने-अपने घरों से निकलकर बाहर आ गए तथा हर ओर जबरदस्त जश्न व आतिशबाजी का माहौल दिखाई देने लगा, यह स्थिति देर रात तक बनी रही.
बता दें कि, गत रोज नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए आयसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के मुकाबले में न्यूझीलैंड की टीम ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया. जिसके बाद भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन व अभिषेक शर्मा सहित बाद में बल्लेबाजी करने हेतु उतरे इशान किशन व शिवम दुबे ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशालकाय स्कोर खडा कर दिया था. जिसका पीछा करने हेतु मैदान में उतरी किवी टीम के बल्लेबाज 159 रन ही बना पाए और 19 वें ओवर में न्यूझीलैंड की टीम ढेर हो गई. फाइनल मुकाबले की दूसरी पारी के 10 वें ओवर के आसपास ही किवी टीम की हार काफी हद तक सुनिश्चित हो गई थी. लेकिन ‘ब्लैक कैप’ वाले किवी खिलाडियों द्वारा जीत के लिए जमकर संघर्ष किया जा रहा था. जिसके चलते मैच में रोमांच बना हुआ था. लेकिन 15 वें ओवर के आते-आते भारतीय गेंदबाजों ने अपना जबरदस्त कमाल दिखाते हुए किवी बल्लेबाजों को एक के बाद एक पैवेलियन वापिस भेजना शुरु किया. जिसके चलते 15 वें ओवर के बाद मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा हो गया और भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित हो गई. परंतु इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने अपनी ओर से कोई कोर-कसर नहीं छोडी और 19 वें ओवर में न्यूझीलैंड को ऑल आऊट करते हुए टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर अपनी शानदार मुहर लगाई.
ऐसे में गत रोज अमरावती शहर में भारतीय टीम की जीत जश्न 15 वें ओवर से ही शुरु हो गया था तथा कई युवा मैच देखना छोडकर अपने हाथों में तिरंगे झंडे लहराते हुए सडकों पर निकल पडे थे. जिसके चलते हर ओर काफी जल्लोष व जश्न वाला माहौल बनता दिखाई दिया. साथ ही हर ओर जमकर आतिशबाजी भी होने लगी.
* राजकमल चौक पर लगी थी विशालकाय एलईडी स्क्रिन
– हजारों लोगों ने देखा फाइनल मैच का सीधा प्रसारण
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, गत रोज अहमदाबाद के मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले का शहरवासियों को सीधा प्रसारण दिखाने हेतु स्थानीय राजकमल चौराहे पर भाजपा व भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से विशालकाय एलईडी स्क्रिन लगाई गई थी. जहां पर शहर के हजारों लोगों की भीड सामूहिक तौर पर मैच देखने का आनंद लेने हेतु उमडी थी. जिसके चलते राजकमल चौक पर किसी क्रिकेट स्टेडियम की तरह क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह व रोमांच दिखाई दे रहा था. इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों द्वारा ठोके गए एक चौके व छक्के पर क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जल्लोष मनाया. वहीं भारतीय गेंदबाजों द्वारा ली गई हर एक विकेट पर भी शानदार जश्न मना. साथ ही साथ जैसे ही 19 वें ओवर में न्यूझीलैंड की टीम का 10 वां विकेट गिरा और न्यूझीलैंड को ऑल आऊट करते हुए भारतीय टीम ने शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वैसे ही राजकमल चौक परिसर में मौजूद हर एक व्यक्ति जीत का जश्न मनाने लगा. इस समय कई लोगों ने अपना उत्साह प्रदर्शित करते हुए आतिशबाजी की और जमकर तिरंगे झंडे व भगवा ध्वज भी लहराए.
* जीत के तय होते ही सडकों पर बढी चहल-पहल
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, बीती शाम जैसे ही अहमदाबाद में टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला शुरु हुआ और भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी, वैसे ही अमरावती शहर की सडकों पर कर्फ्यूसदृष्य सन्नाटा छा गया. क्योंकि लोगबाग अपने-अपने घरों में बैठकर अपनी टीवी सेट या मोबाइल पर फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण देखने में व्यस्त हो गए. इसके चलते शहर के अधिकांश बाजार क्षेत्र व सडके सुनसान हो गए. लेकिन जैसे ही मैच की दूसरी पारी मेन न्यूझीलैंड की टीम के विकेट उखडने लगे और रन रेट का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा, जिसकी बदौलत भारत की जीत सुनिश्चित दिखाई देने लगी. वैसे ही शहर की सडकों पर चहल-पहल बढने लगी. क्योंकि लोगबाग अपने-अपने घरों से बाहर निकलते हुए सडकों पर आकर अपने देश की जीत का जश्न मनाने लगे.
* राजकमल चौक रहा जश्न का मुख्य केंद्र
जहां एक ओर राजकमल चौक पर लगी एलईडी स्क्रिन पर मैच का सीधा प्रसारण देखने हेतु पहले से सैकडों लोगों की भीड इकाठ्ठा थी. वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित होते ही शहर के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में रहनेवाले क्रिकेट प्रेमियों का हुजूम भी राजकमल चौक पर जश्न मनाने के लिए पहुंचने लगा. जिसके चलते देखते ही देखते राजकमल चौराहे पर हर ओर क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त हुजूम इकठ्ठा हो गया तथा हर किसी ने एक साथ मिलकर भारत की जीत का जश्न मनाया. इसके साथ ही राजापेठ, कंवर नगर, सहकार नगर, दस्तुर नगर, प्रशांत नगर, गाडगे नगर, कठोरा नाका, साईनगर, कांग्रेस नगर, चपरासीपुरा व पठान चौक जैसे प्रमुख चौक-चौराहों पर भी टीम इंडिया के समर्थक जबरदस्त तरीके से अपनी टीम की जीत का जश्न मनाते नजर आए.
* राजकमल चौराहे पर कई गणमान्य भी थिरके
बीती शाम राजकमल चौराहे पर टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण देखने एवं भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने हेतु सर्वसामान्य क्रिकेट प्रेमियों के साथ ही शहर के कई गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही. जिनमें शहर के प्रथम नागरिक महापौर श्रीचंद तेजवानी, युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा, स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे व प्रा. डॉ. संजय तिरथकर, पार्षद आशीष अतकरे, महेश मूलचंदानी व विनोद तानवैस, भाजपा नेता तुषार भारतीय व बादल कुलकर्णी, पूर्व पार्षद प्रणित सोनी सहित भाजयुमो के शहराध्यक्ष विक्की शर्मा तथा सुनील खराटे, सुनील साहू, विनय तन्ना, श्रीकांत बिजवे, राम गुप्ता, आकाश पाटिल, कीर्तिदीप सराफ, श्रवण मेहरे, सुमीत गुल्हाने, उमंग मोंगा, अक्षय भोगल, आदित्य खैरकर, शुभ साहू, अनिकेत तारवानी, पीयूष श्रीवास्तव, निखिल मेघानी, आकाश गौर, हर्ष शर्मा, सागर मामूरकर, ऋषभ जुनघरे, मोहन चव्हाण, निरंजन दुबे, रोहित देशमुख, सागर खंडेलवाल व मोहीत अग्रवाल के साथ ही कई गणमान्यों का समावेश था.
* युवतियां भी जश्न मनाने में नहीं रही पीछे
इन दिनों युवाओं के साथ-साथ युवतियों में भी क्रिकेट को लेकर अच्छी-खासी रुचि दिखाई दे रही है. जिसके चलते अब युवतियों में भी क्रिकेट के प्रति दिवानगी बढ रही है. यही वजह रही कि, गत रोज जैसे ही भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में न्यूझीलैंड की टीम को पराजित करते हुए शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वैसे ही युवाओं के साथ-साथ युवतियां भी भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए अपने-अपने घरों से निकलकर सडकों व चौक-चौराहों पर उतर आई तथा उन्होंने ने भी जबरदस्त तरीके से इस जीत पर अपनी जल्लोशपूर्ण भावनाएं प्रदर्शित की.





