विभिन्न मांगों को लेकर ठेकेदार 6 अप्रैल को बंद रखेंगे सभी विकास कार्य

35 जिलों के राज्यस्तरीय ठेकेदारों की बैठक में लिया गया फैसला

अमरावती /दि.10 – कर्जत में महाराष्ट्र राज्य ठेकेदार महासंघ, राज्य अभियंता संगठन, महाराष्ट्र राज्य पानी पुरवठा ठेकेदार संगठन, महाराष्ट्र राज्य जीवन प्राधिकरण संगठन तथा राज्य के 35 जिलों से बडी संख्या में उपस्थित विभिन्न विभागों के ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में ठेकेदारों का करोडों रुपए बकाया रहने के अलावा अन्य विविध मांगों को लेकर आगामी 6 अप्रैल को राज्य के सभी विकास कार्य बंद रखने का निर्णय लिया गया.
बैठक में बताया गया कि, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में ठेकेदारों के लगभग 77,600 करोड रुपए के भुगतान लंबित है. इसके अलावा ई-टेंडर प्रक्रिया में बडे पैमाने पर आर्थिक घोटाले, मंजूर किए कार्यो में पिछले 14 महीनों से काम शुरु न होना तथा लोकप्रतिनिधियों के दबाव में प्रशासन द्वारा कामों को जबरन मैनेज करना और उससे आर्थिक लाभ उठाना जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक में यह भी मांग की गई कि, छोटे ठेकेदारों और उनके व्यवसाय को उद्योग का दर्ज दिया जाए, ताकि उन्हें वित्तीय संस्थाओं से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा सके. साथ ही सरकारी कामों में लगाए जाने वाले दंड, अनावश्यक शर्ते और समयावधि बढाने से जुडी जटिल नियमावली को भी समाप्त करने की मांग की गई. इन सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित प्रशासन द्वारा अभी तक कोई ठोस बैठक या समाधान नहीं किया गया है. इसलिए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि, यदि जल्द ही इस विषय पर समाधान नहीं निकाला गया, तो सोमवार 6 अप्रैल 2026 से महाराष्ट्र के सभी विकास कार्य बंद रहेंगे.

Back to top button