रंग बिरंगे कार्यक्रमों ने होली मिलन पर बांधा समां
प्रगति राजस्थानी महिला मंडल का आयोजन उत्साह के साथ संपन्न

अमरावती/दि.10 – साई नगर स्थित प्रगति राजस्थानी महिला मंडल द्बारा शनिवार 7 मार्च को महेश नगर स्थित राजभवन में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. रंगों और उत्साह से भरे इस कार्यक्रम में मंडल की सदस्यों ने पारंपारिक होली उत्सव को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.
कार्यक्रम की शुरूआत मन की बात सत्र से हुई. मंडल की अध्यक्ष कल्पना राठी का कार्यकाल समाप्ति की ओर होने के कारण इस सत्र के माध्यम से सभी सदस्यों ने अपनी विचार और सुझाव साझा किए. मंडल की फाउंडर मेंबर शशी मेहता ने भी मंडल की प्रगति के लिए कल्पना राठी तथा सचिव रेखा राठी को उनकी सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी. इस अवसर पर नई अध्यक्ष के रूप में डॉ. सीमा राठी के नाम की घोषणा की गई. उनका पदग्रहण एवं गणगौर उत्सव 14 मार्च को आयोजित किया जाएगा. वहीं कोषाध्यक्ष सीमा कलंत्री ने पूरे वर्ष का लेखाजोखा सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पहले पहुंचने वाली 15 सदस्यों के लिए एंट्री गेम रखा गया. जिसमें ज्योति श्रावगी विजेता रहीं. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राधा-कृष्ण थीम पर प्रस्तुत नृत्य विशेष आकर्षण रहा. कृष्ण के रूप में अर्चना कोठारी और राधा के रूप में रश्मि जाखोटिया ने मनमोहक प्रस्तुति दी. उनके साथ सखियों की भूमिका में नेहा झंवर, स्वाती लखोटियां, श्रृति नावंदर, हेमा सारडा, इद्रमणि शर्मा और चंचल बागडी ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को वृंदावन की रासलीला जैसा बना दिया.
इसके बाद ययाति लढ्ढा, छाया राठी, मनीषा संग और कीर्ति चांडक ने पुराने होली गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खुब तालियां बटोरी. मंडल की पूर्व अध्यक्षों द्बारा प्रस्तुत होली नृत्य भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा. जिसमें राजश्री लढ्ढा, उषा राठी, स्वाती अटल, प्रीति आर. डागा, किरण मंत्री और कल्पना राठी ने राजस्थानी वेषभूषा में प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया.
कार्यक्रम का संचालन कविता लढ्डा ने अपने सुमधुर अंदाज में किया. कार्यक्रम के दौरान ठंडाई का वितरण किया गया. इस आयोजन की संयोजिका राजश्री लढ्ढा और प्रीति आर. डागा थी. फूलों की होली के साथ राधा कृष्ण भजन और गीतों की रंगारंग प्रस्तुति भी दी गई. अंत में अध्यक्ष कल्पना राठी और सचिव रेखा राठी ने अपने कार्यकाल में सहयोग देनेवाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और आगामी अध्यक्ष को भी इसी तरह सहयोग देने का आग्रह किया. कार्यक्रम मेें बडी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया और अंत में सभी ने स्वादिष्ट भोजन कर आनंद लिया.





