शहर में 26 मार्च को निकलेगी ऐतिहासिक शोभायात्रा
श्रीराम नवमी के पर्व पर विहिप-बजरंग दल का भव्य आयोजन

अमरावती/दि.10 – अमरावती में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरुवार 26 मार्च को श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी. इस अवसर पर आकर्षक झांकियों की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विजयी झांकियों को नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा.
आयोजकों द्वारा हाल ही में शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए एक नियोजन बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समितियों का गठन कर आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं. बैठक में निर्णय लिया गया कि झांकी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 9 हजार रुपये, चतुर्थ पुरस्कार 7 हजार रुपये और पांचवां पुरस्कार 5 हजार रुपये दिया जाएगा. इसके अलावा अन्य झांकियों को प्रोत्साहन पुरस्कार, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा और झांकी प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक आयोजकों को कार्यक्रम से पहले अपनी झांकी की जानकारी देना अनिवार्य रहेगा. प्रतियोगिता में शामिल होने वाली झांकियों के लिए संस्था की ओर से ट्रैक्टर, रोशनी की व्यवस्था के लिए जनरेटर, लाइट और हैलोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
झांकी प्रतियोगिता या शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आयोजकों ने नागरिकों से संपर्क करने की अपील की है. इसके लिए विजय खडसे (8007190760), त्रिदेव डेंडवाल (9807666620), अक्षय निनावे (9889167527), दुर्गेश ठाकूर (8600869915) और सागर व्यास (9960882421) से संपर्क किया जा सकता है.
इस संबंध में अनिल भोजराज साहू, जिलाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद ने बताया कि इस वर्ष की झांकी प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने अधिक से अधिक संगठनों और युवाओं से शोभायात्रा में सहभागी होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.





