दुकानें, घर होंगे शिफ्ट, जिला परिषद की भी जगह का अधिग्रहण
बहुत भव्य-दिव्य है अंबादेवी परिसर विकास का प्लान

* पहला कल्पना चित्र आया सामने
* दोनों संस्थानों के कुछ आक्षेप स्वीकार
* अगले सप्ताह फिर पालकमंत्री के सामने डेमो
* विशाल पार्किंग और भव्य कॉरिडोर निर्माण की योजना
अमरावती/दि.10 – विदर्भ की कुलस्वामिनी अंबादेवी और एकवीरा देवी परिसर के विकास का 355 करोड का प्लान शासन के निर्देश पर एमएसआईडीसी ने तैयार किया है. जिलाधिकारी कार्यालय में हाल ही में हुई महत्वपूर्ण बैठक में उक्त शासकीय कंपनी के आर्किटेक भिवगडे और इंजिनीयर पागृत व सहयोगियों ने दोनों संस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों के सामने डेमो देकर विस्तार से जानकारी दी. इस समय जिलाधीश आशीष येरेकर, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक उपस्थित थी. इसी प्लान का आगामी डेमो अगले सप्ताह पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के सामने दिया जाएगा. जिसके बाद परिसर विकास का यह भव्य प्लानिंग मंजूर होगा एवं प्रत्यक्ष कार्यारंभ होने की संभावना है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्वयं भव्य-दिव्य विकास प्लान को लेकर गुरु-गंभीर है. वे योजना को तत्परता से साकार करने के हिमायती होने की जानकारी ‘अमरावती मंडल’ को डेवलपमेंट से जुडे लोगों ने दी है. उन्होंने बताया कि, अंबादेवी के मुख्य प्रवेशद्वार के सामने की दुकाने और भक्त निवास भी शिफ्ट किया जा सकता है. वहीं बाई ओर के गेट के सामने एवं उससे सटे मकान और दुकान भी अधिग्रहित कर वहां से स्थानांतरण किया जाएगा. नाले के पास हनुमान मंदिर से सटी जिला परिषद शाला की करीब आधा एकड भूमि अंबादेवी विकास प्लान में अधिग्रहित और विकसित की जाएगी. प्लान का पहली भव्य तस्वीर सामने आई है.
* देवी के सामने विशाल दर्शन लॉबी
राज्य की महायुति सरकार ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्र के धर्म क्षेत्रों को विकसित करने का निर्णय किया है. इसी कडी में विदर्भ की कुलस्वामिनी एकवीरा-अंबादेवी परिसर के भव्य डेवलपमेंट का प्लान राज्य विकास महामंडल ने तैयार किया. जिसके अनुसार उपरोक्त बैठक में महामंडल के इंजिनीयर पागृत ने प्रस्तुतीकरण दिया. जिसके अनुसार अंबादेवी के ठीक सामने दर्शन हेतु विशाल लॉबी के निर्माण का प्लान है. उसी प्रकार नाले पर संपूर्ण स्लैब रहेगा. उस पर भी कुछ सुख-सुविधाओं की प्लानिंग है. कुछ प्रस्ताव पर दोनों ही संस्थान अंबादेवी और एकवीरा देवी ने आक्षेप लिया, तो उसे एमएसआईडीसी प्लान से हटाने के लिए राजी हो जाने का समाचार है.
* जिप से ली जाएगी जगह
पूर्व शाला की करीब आधा एकड भूमि अंबादेवी संस्थान द्वारा अधिग्रहित कर वहां डेवलपमेंट किया जाएगा. हालांकि वहां कुछ अतिक्रमण भी हो रखा है. उसे भी हटाया जाएगा. मंदिर के सुशोभिकरण, विकास प्लान में मल्टीलेवल पार्किंग, तीन मंजिला नया भव्य भक्त निवास और बालाजी, भैरव मंदिर तक विकास प्लान शामिल है. इसके लिए जरुरी होने पर नमूना में भी बेकार पडी जमीन और अतिक्रमण की दुकानें हटाकर वह भूमि भी संस्थान के ताबे में देकर विकास करने की योजना है.
* एकवीरा का भक्त निवास और भव्य होगा
आज की बैठक में हुई चर्चा के अनुसार एकवीरा देवी मंदिर संस्थान के मौजूदा भक्त निवास को भी विस्तार देने की प्लानिंग है. अत: यहां भी भक्त निवास और देवी के दर्शनार्थियों के लिए सुविधाएं बनाई जाएगी. हनुमान अखाडे के प्रवेशद्वार से सटी भक्त निवास की बिल्डींग का भी विस्तार कर वहां भोजन शाला बनाए जाने का प्लान रहने की जानकारी सूत्रों ने दी.
* बालाजी मंदिर तक विस्तार
अंबादेवी परिसर के बालाजी मंदिर और उससे सटे भैरव मंदिर के आगे तक संपूर्ण परिसर विकास का प्लानिंग होने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. यहां सभी प्रकार के अतिक्रमण साफ किये जाएंगे. उसी प्रकार वहां रह रहे परिवारों को भी अन्यत्र शिफ्ट किया जाएगा. संपूर्ण परिसर को अपने ताबे में लेने के बाद नया डेवलपमेंट प्लान साकार होगा. प्लान का जो कल्पना चित्र सामने आया है, वह बडा भव्य लग रहा है. निश्चित ही अगले दो-तीन वर्षों में यह योजना साकार हुई तो अमरावती का इको सिस्टम बदल जाएगा.
* गांधी चौक में मल्टी लेवल पार्किंग
गांधी चौक में जहां आज वाहनतल मौजूद है. उस जगह पर मल्टी ेलेवल पार्किंग का प्रावधान विकास प्रारुप में रहने की जानकारी उक्त मीटींग में दी गई थी. बताया गया कि, नमूना की ओर भी पार्किंग का प्लानिंग है. बैठक में भूमि अभिलेख सहित कुछ अन्य विभागों के भी अधिकारी मौजूद थे. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को अगले सप्ताह की बैठक में संपूर्ण प्लान का डेमो दिए जाने की संभावना है. उसमें अंबादेवी और एकवीरा देवी संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सुझाव और बदलाव समाहित किए गए हैं. निश्चित ही इन बदलावों में अंडरपास का प्लानिंग और कुछ अन्य परिवर्तन सोचे गए हैं. एकवीरा देवी परिसर का भी विकास होना है. हव्याप्र चौक में स्थित सरस्वती विद्यालय भी हटाया जाएगा. वह जमीन लेकर वहां भक्त निवास व पार्किंग की सुविधा की जा सकती है. एकवीरा देवी मंगल कार्यालय का भी परिवर्तन इस प्लानिंग में रहने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी.
* चैत्र नवरात्री पश्चात कार्यारंभ?
‘अमरावती मंडल’ को सूत्रों ने बताया कि, संपूर्ण परिसर का कलेवर बदलने वाले प्लान का काम गुढी पाडवा चैत्र नवरात्री पश्चात प्रारंभ करने की योजना है. इसके लिए एमएसआईडीसी टेंडर प्रक्रिया भी शीघ्र शुरु कर सकती है. बडे राज्य स्तर के डेवलपर को ठेका दिया जाएगा, ताकि कार्य प्लान के अनुसार एवं शीघ्रता से हो.