20 मार्च से शुरू होगा शिव भोजन केंद्र संचालकों का भुगतान

विधानसभा में नागरी आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने दी जानकारी

मुबई/दि.11 – राज्य में शिव भोजन केंद्र संचालकों को लंबे समय से लंबित सब्सिडी का भुगतान 20 मार्च से शुरू किया जाएगा. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने विधानसभा में यह आश्वासन देते हुए स्वीकार किया कि केंद्र संचालकों को भुगतान में देरी हुई है.
विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए सना मलिक ने कहा कि शिव भोजन थाली योजना शिवसेना प्रमुख बालासाहब ठाकरे की प्रेरणा से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी. छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर चल रही इस योजना से महिला स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को रोजगार भी मिला है और लगभग 9 हजार परिवार इससे जुड़े हुए हैं. सना मलिक ने सदन को बताया कि पिछले आठ से नौ महीनों से शिव भोजन केंद्र संचालकों की करीब 200 करोड़ रुपये की सब्सिडी बकाया है. भुगतान में देरी के कारण कई संचालकों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और उनके लिए केंद्रों का संचालन करना मुश्किल हो रहा है.
इस पर जवाब देते हुए मंत्री भुजबल ने कहा कि कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण भुगतान में देरी हुई थी. सरकार ने बकाया सब्सिडी के भुगतान के लिए 70 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिनमें से 68 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि चालू बजट में इस योजना के लिए 220 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि अगले वर्ष के लिए भी 120 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि 20 मार्च से शेष भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

 

Back to top button