एसीबी के दल ने दलाल को भी दबोचा

लेआउट की मंजूरी के लिए मांगी थी एक लाख की रिश्वत

अमरावती /दि.12 – अमरावती में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बडी कार्रवाई करते हुए नगर रचना एवं मूल्यनिर्धारण विभाग के दो नगर रचनाकारों को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था. इस मामले में जांच आगे बढाते हुए एसीबी की टीम ने देर रात दलाली करने वाले एक निजी अभियंता को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार निजी अभियंता का नाम अमन सुभाष भंडारी (कांडली, अचलपुर) है. इससे पहले एसीबी ने मंगलवार दोपहर सहायक नगर रचनाकार तुषार अमित नंद और सहायक नगर रचनाकार गौरव अरुण भगत को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकडा था.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की मां और चाचा के नाम पर अचलपुर तहसील के खेलतपमाली परिसर स्थित सर्वे नंबर 108/1 ए में करीब 2.5 एकड (97 आर) खेत है. इस जमीन पर लेआउट मंजूरी के लिए नगर रचना विभाग में प्रस्ताव दाखिल किया था. मामला जब सहायक नगर रचनाकार तुषार नंद और गौरव भगत के पास पहुंचा, तब दोनों ने निजी अभियंता अमर भंडारी के माध्यम से शिकायतकर्ता से लेआउट पर पहला शिक्का लगाकर मंजूरी देने के लिए प्रति एकड 40 हजार रुपए के हिसाब से कुल 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी. रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने एसीबी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम की जांच में आरोप सही पाए गए. इसके बाद अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया. मंगलवार को जैसे ही दोनों नगर रचनाकारों ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान इस पूरे मामले में निजी अभियंता अमन भंडारी की भूमिका सामने आई. इसके बाद एसीबी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और देर रात उसे भी गिरफ्तार कर लिया.

 

Back to top button