मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा के सार्थक परिणाम सामने आने हुए शुरु

अखंडे परिवार को पुलिस ने ट्रैक्टर और 50 हजार रुपये लौटाए

चिखलदरा/दि.12 – चिखलदरा के मेलघाट क्षेत्र में प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू द्वारा आदिवासियों व किसानों के मुद्दों को लेकर निकाली गई मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा का असर अब दिखाई देने लगा है. इस यात्रा के चलते अन्यायग्रस्त अखंडे परिवार को आखिरकार न्याय मिला और पुलिस ने उनका ट्रैक्टर तथा 50 हजार रुपये की राशि वापस कर दी.
जानकारी के अनुसार मेलघाट के बोरूगव्हाण गांव के निवासी राजेश अखंडे ने कुछ महीने पहले खेती के काम के लिए नया ट्रैक्टर खरीदा था. एक दिन खेत में काम के लिए ट्रैक्टर ले जाते समय गांव के खराब और गड्ढों से भरे रास्ते के कारण ट्रैक्टर का हादसा हो गया. इस दुर्घटना में राजेश अखंडे की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. हादसे के बाद पुलिस ने पंचनामा कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया. आरोप है कि ट्रैक्टर वापस देने के लिए परिवार से 50 हजार रुपये की मांग की गई. परिवार ने बड़ी मुश्किल से यह राशि दी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ट्रैक्टर वापस नहीं मिला. इससे पहले से ही संकट में घिरे परिवार की परेशानी और बढ़ गई. काफी प्रयासों के बाद भी न्याय नहीं मिलने पर अखंडे परिवार के सदस्यों ने मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा का नेतृत्व करते हुए बोरूगव्हाण गांव पहुंचे पूर्व मंत्री बच्चू कडू से मुलाकात की. इस समय राजेश अखंडे की माताजी ने पूरी घटना पूर्व मंत्री बच्चू कडू के सामने रखी. जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चू कडू ने 9 मार्च को हुई सभा में प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अखंडे परिवार का ट्रैक्टर और 50 हजार रुपये तुरंत वापस नहीं किए गए, तो चिखलदरा पुलिस स्टेशन पर बड़ा मोर्चा निकाला जाएगा. इस चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई करते हुए अखंडे परिवार को ट्रैक्टर के साथ 50 हजार रुपये भी लौटा दिए.
अखंडे परिवार ने इसके लिए पूर्व मंत्री बच्चू कडू के प्रति आभार व्यक्त किया. इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा के कारण आदिवासी और किसानों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का नया बल मिल रहा है. साथ ही मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा के अब सकारात्मक व सार्थक परिणाम भी सामने दिखाई देने लगे है.

Back to top button