रिश्ता टूटने के बाद प्रेमी ने की छेड़छाड़
कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज

अमरावती/दि.17 – चरित्र पर संदेह और रिश्ता टूटने के बाद एक युवक द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार 12 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे शहर के चौधरी चौक क्षेत्र में यह घटना हुई. 26 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने राज चंदेस (28), निवासी पटवा चौक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है. बताया गया है कि पीड़िता और आरोपी पिछले लगभग नौ वर्षों से रिश्ते में थे. हालांकि आरोपी को युवती के चरित्र पर लगातार संदेह रहता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी वजह से पीड़िता ने अंततः उससे संबंध तोड़ लिया था. घटना के दिन आरोपी ने रास्ता रोककर युवती से बहस शुरू कर दी और अन्य लोगों के नाम लेकर उससे जवाब मांगने लगा. जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर उसे जाने से रोकने की कोशिश की. हाथापाई के दौरान युवती गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की. घटना के समय पीड़िता मानसिक आघात में थी, इसलिए शुरुआत में पुलिस ने गैर-संज्ञेय (एनसी) शिकायत दर्ज की थी. बाद में 14 मार्च को पीड़िता के विस्तृत बयान के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया.पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





