श्री साई मार्केटींग आग में स्वाहा
रामलक्ष्मण संकुल में भीषण अग्निकांड

* 4 दमकलों की 2 घंटे मशक्कत
* लाखों का माल जलकर राख
अमरावती/दि.18 – विलास नगर रोड के रामलक्ष्मण संकुल स्थित जयप्रकाश अशोक वरदानी की श्री साई मार्केटींग में गत रात 11 बजे अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मची. लाखों का नुकसान होने का प्राथमिक अंदाज व्यक्त किया गया और बताया गया कि, शॉर्ट सर्किट के कारण कदाचित यह अग्निकांड हुआ हो. मनपा के 4 दमकलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दो घंटे मशक्कत की और आग पर नियंत्रण किया.
रात के समय आग लगने से जनहानि टल गई. किंतु बताया गया कि, साई मार्केटींग का जलता बोर्ड वहां खडा लोडिंग टाटा छोटा हाथी पर गिर जाने से वह भी खाक हो गया. आग में दुकान का सामान, लकडी फर्निचर, यंत्र सामग्री जल जाने की जानकारी दी गई.
लोगों का कहना है कि, जागरुक लोगों के कारण ही बडी घटना टली. जैसे ही लोगों ने देखा कि, साई मार्केटींग में आग लगी है. तुरंत परिसर के युवकों और नागरिकों ने वहां पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरु करने के साथ दमकल को सूचना की. वालकट कम्पाउंड से दमकल तुरंत पहुंची. आग को बगल की दुकानों में पहुंचने से रोका गया. अन्यथा नुकसान और बडा हो सकता था.
दमकल चालक तौसिफ शेख, संजय चव्हाण, राजकुमार खडसे, शेख अमीन के साथ फायरमैन मनीष उताने, निखिल चौधरी, राहुल घोडे, ताहीर शेख, श्याम भोपले, मुजाहीद, यावले आदि ने बडी मुश्किल से दो घंटे मेहनत कर आग काबू में लायी. तब तक कन्फेशनरी सामग्री, टाटा एस वाहन, कम्प्यूटर, लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे और फर्निचर का करीब 5 लाख का नुकसान होने का अंदेशा जताया गया.





